पटियाली, जनपद कासगंज

आज पटियाली तहसील में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने उप-जिलाधिकारी श्री प्रदीप कुमार विमल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि जनपद कासगंज में प्रस्तावित एकमात्र मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय (प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक) को पटियाली तहसील क्षेत्र के ग्राम नवादा से सहावर तहसील क्षेत्र के ग्राम बड़ागांव में स्थानांतरित करने का निर्णय अविलंब वापस लिया जाए।
ज्ञापन के माध्यम से यह बताया गया कि विद्यालय की स्वीकृति फरवरी 2024 में ग्राम नवादा के लिए हुई थी, ₹23 करोड़ की परियोजना में से ₹11.92 करोड़ की धनराशि कार्यदायी संस्था को जारी भी की जा चुकी है, और अप्रैल 2025 में कार्यदायी संस्था के साथ अनुबंध भी हो चुका है। बावजूद इसके विद्यालय को नियमों और प्रशासनिक प्रक्रिया की अनदेखी करते हुए स्थानांतरित किया जा रहा है।
इस विषय पर बोलते हुए पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता, समाजवादी पार्टी श्री अब्दुल हफीज़ गांधी ने कहा: यह न सिर्फ पटियाली विधानसभा क्षेत्र के साथ अन्याय है, बल्कि हजारों ग्रामीण, दलित, पिछड़े और गरीब बच्चों के शिक्षा के अधिकार पर हमला है। जब जगह तय हो गई थी, बजट मिल गया था, पैसा जारी हो चुका था, और निर्माण प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी, तो अब इस प्रोजेक्ट को सहावर स्थानांतरित करना घोर पक्षपात और भ्रष्टाचार की ओर संकेत करता है। हम मांग करते हैं कि इसकी उच्च स्तरीय जांच कराकर विद्यालय को पूर्व निर्धारित स्थान ग्राम नवादा, तहसील पटियाली में ही बनाया जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने इस जनविरोधी निर्णय को तुरंत नहीं रोका, तो समाजवादी पार्टी जनआंदोलन की राह पर चलेगी और जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी। यदि विद्यालय नियम विरुद्ध तरीके से स्थानांतरण किया गया तो हम भूख हड़ताल करने पर भी मजबूर होंगे।
प्रमुख मांगे:
विद्यालय के नियमविरुद्ध स्थानांतरण को तत्काल रोका जाए।
विद्यालय निर्माण कार्य को ग्राम नवादा, तहसील पटियाली में शीघ्र प्रारंभ किया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने इस मुद्दे को जनता के आत्मसम्मान और बच्चों के भविष्य से जोड़ते हुए एक सुर में सरकार से निर्णय की पुनः समीक्षा की मांग की।
समाजवादी प्रतिनिधि मंडल में अब्दुल हफीज गांधी, एडवोकेट दीपक यादव, मुनेंद्र शाक्य, हिक्मत अली तथा तारिक अली फारुकी मौजूद रहे।