सरोजनी नायडू चिल्ड्रेन हॉस्पिटल एवं जिला महिला चिकित्सालय (डफरिन) का किया औचक निरीक्षण

एनआरसी सेंटर में मानक के अनुसार सभी व्यवस्थायें 10 जून तक सुनिश्चित कराये जाने के दिए निर्देश

बिना किसी सूचना के 10 माह से अनुपस्थित डॉ0 अजय व कार्यभार ग्रहण के पश्चात अस्पताल नहीं आने वाले डॉ0 रामानंद को बर्खास्त करने की कार्यवाही करने के दिए निर्देश

चिकित्सालयों में सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित बनाये रखने के दिए निर्देश

प्रयागराज। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने बुधवार को सरोजनी नायडू चिल्ड्रेन हॉस्पिटल एवं जिला महिला चिकित्सालय (डफरिन) का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने सरोजनी नायडू चिल्ड्रेन हॉस्पिटल पहुंचकर वहां पर ओपीडी रजिस्टेशन काउंटर, ओपीडी कक्ष, वैक्सीनेशन कक्ष, दवा वितरण काउंटर, जनरल वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, आपरेशन कक्ष, पैथौलॉजी, एक्सरे कक्ष, एनआरसी सेंटर, एनआईसीयू कक्ष का निरीक्षण करते हुए सभी सम्बंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ओपीडी रजिस्टेªशन काउंटर पर पहुंचकर आज ओपीडी में कितने रजिस्ट्रेशन हुए है, की जानकारी ली, जिसपर उन्हें बताया गया कि आज अभी तक 153 रजिस्ट्रेशन हुए है, प्रायः 200 से 225 तक प्रतिदिन ओपीडी होती है। उन्होंने ओपीडी के बाहर इंतजार कर रहे लोगो की बैठने की व्यवस्था व वहां पर एक जम्बो कूलर लगाये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने ओपीडी में पहुंचकर उपस्थित बच्चो के अभिभावकों से ओपीडी में उपलब्ध सुविधाओं, चिकित्सकों व अन्य पैरामेडिकल स्टाफ के व्यवहार के बारे में जानकारी लेते हुए पूछा कि यहां पर बाहर की दवाएं तो नहीं लिखी जाती है, जिसपर संतोष जनक उत्तर प्राप्त हुआ। ओपीडी में खराब पड़े एसी को देखकर उनके द्वारा नाराजगी व्यक्त की गयी और वहां पर नया एसी लगवाये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने ओपीडी में उपस्थित चिकित्सकों से वहां पर उपलब्ध दवाओं, बायोमेडिकल वेस्ट के मैनेजमेंट, साफ-सफाई की व्यवस्था के बारे में से जानकारी ली। उन्होंने वैक्सीनेशन कक्ष में पहुंचकर दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी लेते हुए दवाओं की एक्सपायरी डेट की जांच की। उन्होंने एंटी रैबीज इंजेक्शन उपलब्ध न होने के कारणों के बारे में प्रभारी अधीक्षक से पूछा, जिसपर बताया गया कि एंटी रैबीज इंजेक्शन की सुविधा बेली अस्पताल में उपलब्ध है, यहां पर इसकी सुविधा नहीं है। उन्होंने वहां पर रखे हुए फायर सेफ्टी यंत्रों की क्रियाशीलता के बारे में जानकारी लेते हुए उन्हें आवश्यकता पड़ने पर संचालित किये जाने हेतु स्टाफ की टेनिंग कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने ओपीडी कक्ष में सर्जन डॉ0 जे0के0 सिंह से अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता एवं एमआर विजिट के बारे में जानकारी लिए जाने पर बताया गया कि लगभग दवाएं अस्पताल में ही उपलब्ध होती है और एमआर यहां नहीं आते है। उन्होंने जनरल वार्ड में एक बेड पर दो बच्चे होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रभारी अधीक्षक से जानकारी ली, जिसपर उनके द्वारा बताया गया कि यहां पर जनपद प्रयागराज के अतिरिक्त अन्य आस-पास के जनपदों से भी बच्चे इलाज हेतु आते है, इसलिए कभी-कभी एक से अधिक बच्चों को एक बेड पर रखा जाता है। इसपर उन्होंने अतिरिक्त स्थान की व्यवस्था किये जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कहा है। जिलाधिकारी के द्वारा अस्पताल में भर्ती बच्चों एवं उनके अभिभावकों से बातचीत कर उनकी बीमारियों, समस्याओं, असुविधाओं, एवं यहां पर हो रहे इलाज के बारे में जानकारी ली गयी, जिसपर ज्यादातर संतोषजनक उत्तर प्राप्त हुआ।
जिलाधिकरी ने एनआरसी सेंटर का सेंटर निरीक्षण करते हुए मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी एनआरसी सेंटर का निरीक्षण कर उन्हें मानक के अनुसार सभी व्यवस्थायें 10 जून तक सुनिश्चित कराये जाने के लिए कहा है।
निरीक्षण के पश्चात जिलाधिकारी ने मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज की प्राचार्य डॉ0 वत्सला एवं प्रभारी अधीक्षिका डॉ0 अनुभा श्रीवास्तव से चिकित्सक कक्ष, ओपीडी कक्ष, जनरल वार्ड एवं इमरजेंसी वार्ड में लगे हुए खराब एसी जिनकी मरम्मत हो सकती है, उनकी मरम्मत कराने एवं पूर्ण रूप से खराब एसी के स्थान पर नया एसी 15 जून तक लगवाने के लिए कहा है। उन्होंने आज ही मरम्मत होने योग्य व पूर्ण रूप से खराब एसी का विवरण उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने गैलरी में तिमारदारों हेतु नये कूलर लगवाये जाने एवं लगे हुए कूलरों की मरम्मत व पेंटिंग कराये जाने के लिए कहा है। जिलाधिकारी ने दो खराब पड़े वाटर कूलर की मरम्मत कराये जाने तथा एक अतिरिक्त नये वाटर कूलर को लगाये जाने के लिए कहा है। उन्होंने आपरेशन कक्ष में आवश्यक सभी इक्यूपमेंट को क्रय करने के निर्देश दिए है। उन्होंने प्राचार्य डॉ0 वत्सला से डिमांड किये गये दो वेंटीलेटर को उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने अस्पताल में बच्चों को दिए जाने वाले खाद्यय पदार्थो के बारे में जानकारी लेते हुए इससे सम्बंधित शासनादेश को आज ही उपलब्ध कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने स्वरूपरानी चिकित्सालय की भांति यहां पर भी सीसीटीवी कैमरे 15 जून तक लगाये जाने के निर्देश है। उन्होंने परिसर में चोरी की शिकायत पर सैनिक कल्याण निगम से अतिरिक्त सिक्योरटी गार्ड तैनात किये जाने के कहा है। बैठक में प्रभारी चिकित्सक अधीक्षक के द्वारा बताया गया कि कुम्भ के दौरान चिकित्सालय की बाउंड्रीवाल तोड़ी गयी थी, जिसका अभी निर्माण नहीं हुआ है, जिसपर उन्होंने नगर आयुक्त से वार्ता कर तोड़ी गयी दीवाल का कल से ही निर्माण कार्य प्रारम्भ कराने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में इलाज हेतु आने वाले बच्चों एवं उनके अभिभावकों को किसी भी प्रकार की कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। साथ ही साथ सभी आवश्यक व्यवस्थायें चुस्त-दूरूस्त रहे।
तत्पश्चात जिलाधिकरी जिला महिला चिकित्सालय (डफरिन) का निरीक्षण करने अस्पताल परिसर पहुंचे और वहां पर सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक से चिकित्सालय में कितने चिकित्सक तैनात है तथा कितने आज अनुपस्थित है की जानकारी लिए जाने पर चिकित्सा अधीक्षिका डॉ0 नूरअ हसन नकवी के द्वारा बताया गया कि कोई भी चिकित्सक अनुपस्थित नहीं है, केवल डॉ0 अजय जो कि 10 माह से बिना किसी सूचना के अनुपस्थित है एवं डॉ0 रामानंद कार्यभार ग्रहण के पश्चात अस्पताल में नहीं आए है, जिसपर जिलाधिकारी ने उक्त दोनों चिकित्सकों की बर्खास्त करने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। तत्पश्चात जिलाधिकारी के द्वारा चिकित्सालय का भ्रमण कर ओपीडी कक्ष, लेबर रूम, पैथोलॉजी कक्ष एवं अन्य वार्डों में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी लेते हुए उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई को देखा। जिलाधिकारी के द्वारा जिला महिला चिकित्सालय (डफरिन) में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की गयी और कहा कि अन्य चिकित्सालयों के अधीक्षकों के द्वारा चिकित्सालय में की गयी व्यवस्थाओं का अनुसरण करते हुए नई व्यवथाओं को अपने यहां भी लागू करना चाहिए। उन्होंने विशेषकर प्रत्येक ओपीडी कक्ष में लगी हुई टोकन जनरेशन मशीन एवं प्रतीक्षा नम्बर डिस्प्ले मशीन को सभी चिकित्सालयों में लगवाये जाने हेतु कहा है। इस अवसर पर चिकित्सालय के चिकित्सकगण व अन्य लोग उपस्थित रहे।
राम आसरे

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks