
अमेठी के शिवरतनगंज इलाके में पति-पत्नी और दो बेटियों की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस नामजद आरोपी चंदन वर्मा की तलाश में जुटी हुई है. इस बीच चंदन वर्मा के व्हाट्स ऐप स्टेटस ने सबको चौंका दिया है. दरअसल, चंदन ने स्टेटस में लिख रखा था कि ‘पांच लोग मरने जा रहे हैं, मैं जल्द ही आपको दिखाऊंगा.’
बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद चंदन वर्मा को खुद को भी गोली से उड़ाना चाहता था, शायद इसीलिए 5 लोगों की हत्या की बात उसने स्टेटस पर लिखी थी. फिलहाल, पुलिस चंदन की तलाश में छापेमारी कर रही है. रायबरेली और अमेठी पुलिस की संयुक्त टीमें दबिश दे रही हैं.
चंदन वर्मा ने चार लोगों की हत्या में कई राउंड गोलियां चलाई थीं, जिसके खोखे मौके से बरामद हुए हैं. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, टीचर को एक गोली लगी, जबकि दो गोलियां पत्नी को लगी हैं. वहीं, एक-एक गोली बच्चियों को लगी.