बरेली मण्डल मेंअनूठी पहल सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत कांवड़ियों को हेलमेट देकर किया जायेगा रवाना

कावड़ यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत उठाया कदम, गत वर्षों में 31 कांवड़ियें हुए सड़क दुर्घटनाग्रस्त, 13 को गवाना पड़ी जान

बरेली 9 अगस्त।मण्डल में बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रा निकाली जाती है तथा इन यात्रियों में एक बड़ी संख्या दो पहिया वाहन से कांवड़ यात्रा करने वाले व्यक्तियों की होती है। यह देखा गया है कि प्रायः लोगो द्वारा कांवड़ यात्रा में दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग कम किया जाता है, जिस कारण से दुर्घटना होने पर उनके गम्भीर रूप से घायल होने तथा जान जाने की सम्भावना बनी रहती है। प्राप्त आकड़ों के अनुसार वर्ष 2022 से अब तक कांवड़ यात्रा के दौरान लगभग 31 सड़क दुर्घटना हुई जिसमें से 13 व्यक्तियों को अपनी जान गवानी पड़ी तथा 18 व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हुए। इन दुर्घटना में कमी लाये जाने तथा सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत मण्डलायुक्त द्वारा एक अनूठी पहल की गयी है जिसके अनुसार मण्डलायुक्त द्वारा प्रवर्तन विभाग को निर्देशित किया गया है कि वह पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर दो पहिया वाहनों से कांवड़ यात्रा करने वाले व्यक्तियों को हेलमेट वितरित करें तथा अधिक से अधिक दो पहिया वाहनों से कांवड़ यात्रा करने वाले कावड़ियों को सड़क दुर्घटना से बचाव हेतु जागरूक करें।

मण्डलायुक्त के निर्देशानुसार दिनांक 10-08-2024 को जनपद बरेली के ए0के0सी0 हुण्डई शोरूम, प्रभा सिनेमा के निकट ग्राम खटेली, क्यारा, भिटौरा के कांवड़ यात्रा में सम्मिलित श्रद्धालुओं को हेमलेट का वितरण किया जायेगा, दिनांक 09-08-2024 को जनपद बदायूँ के उप सम्भागीय कार्यालय के निकट ग्राम लोडा बहेड़ी के कांवड़ यात्रा में सम्मिलित श्रद्धालुओं को हेलमेट का वितरण किया जायेगा, दिनांक 10-08-2024 को जनपद पीलीभीत के मण्डी समिति असम चौराहा के निकट ग्राम नौगंवा पकड़िया के कांवड़ यात्रा में सम्मिलित श्रद्धालुओं को हेमलेट का वितरण किया जायेगा तथा दिनांक 10-08-2024 को जनपद शाहजहाँपुर में बरेली मोड़ पर ग्राम कमलनैनपुर, पूर्वी पट्टी कांट, सिंधौली, आलमपुर, लालपुर तथा नवादा इन्देपुर के कांवड़ यात्रा में सम्मिलित श्रद्धालुओं को हेलमेट वितरण कर समस्त श्रद्धालुओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर मंगलमय यात्रा के शुभकामनाओं के साथ रवाना किया जायेगा। हाल ही में कुछ ऐसी दुर्घटनायें भी घटित हुयी हैं।

दिनांक 05-08-2024 को ग्राम रसुला थाना मुजरिया जनपद बदायूँ के कांवड़िये दो ट्रैक्टर ट्रॉली से पटना देवकली मन्दिर थाना कलान जनपद शाहजहाँपुर में जल चढ़ाकर वापस अपने गांव रसुला जा रहे थे तो थाना सिविल लाइंस के ग्राम कुलचौरा के सामने सड़क पर एक ट्रैक्टर की ट्रॉली जिस पर डी0जे0 व कुछ कांवड़िये बैठे थे अधिक वजन होने के कारण ट्रॉली पलट गयी, जिसकी चपेट में आकर श्री कामेश पुत्र नवाब सिंह निवासी ग्राम रसूला थाना मुजरिया बदायूँ (उम्र 22 वर्ष) की मृत्यु हो गई तथा एक कांवड़िया श्री ओमेन्द्र पुत्र श्री रामवीर यादव (उम्र 19 साल) घायल हो गया जिसे उपचार हेतु जिला अस्पताल में भेंज दिया गया।

दिनांक 31-07-2024 की रात्रि में करीब 01:12 बजे थाना मुजरिया क्षेत्रान्तर्गत घटनास्थल ज्यौरा सेन्टर से आगे कछला रोड पर, कछला से जल लेकर आते समय 30 से 35 कांवड़ियों का जत्था 01 ट्रैक्टर ट्रॉली, जिसमें डी0जे0 लगा था, ट्रैक्टर चालक द्वारा ट्रैक्टर अधिक गति से चलाने के कारण ट्रॉली पलट गयी जिसमें बैठक 01 कांवड़िया श्री अमित पुत्र रामप्रसाद निवासी ग्राम परवेज नगर थाना बिसौली उम्र 18 वर्ष की ट्रॉली के नीचे दबने से मृत्यु हो गयी तथा 03 कांवड़ियों पप्पू पुत्र श्री रामप्रसाद निवासी ग्राम परवेज नगर थाना बिसौली, अंशुल पुत्र श्री महेश उम्र 14 वर्ष, श्री विशाल पुत्र श्री मुन्नालाल उम्र 15 वर्ष निवासी आदमपुर चंदौसी थाना बहजोई घायल हो गये। 03 कावंडियों को उपचार हेतु जिला अस्पताल भेज दिया गया।

दिनांक 05-08-2024 को थाना आलपुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम उनौला के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन कांवड़ियों श्री विशाल पुत्र श्री लेखपाल, निवासी ग्राम गठौना थाना उझानी बदायूँ, श्री वीरसिंह उर्फ वीरु पुत्र श्री जगत पाल निवासी ग्राम कीरतपुर थाना भमौरा जनपद बरेली, श्री प्रदीप पुत्र श्री महेन्द्रपाल निवासी ग्राम उघनपुर थाना दातागंज बदायूँ पटना देवकली मन्दिर पर जल चढ़ाकर अपने घर वापस जा रहे थे कि ग्राम उनौला के पास आगे जा रहे ट्रैक्टर की ट्रॉली में पीछे से स्वतः ही मोटरसाईकिल की टक्कर हो गयी, जिससे तीनों कांवड़ियें घायल हो गये। सूचना मिलने पर थाना आलपुर पुलिस द्वारा मौके पर पहुँच कर तीनों कांवड़ियों को घायल अवस्था में एम्बूलेस की मदद से उपचार हेतु जिला अस्पताल में भेजा गया।

दिनांक 07-08-2024 को थाना उसांवा क्षेत्रान्तर्गत एक व्यक्ति मोटर साईकिल से जा रहा था जिसका शव शक्ति पैट्रोल पम्प कस्बा उसावां के सामने किसी अज्ञात वाहन द्वारा एक्सीडेन्ट कर दिया गया। शव की पहचान करने पर मृतक का नाम श्री शरदवीर उम्र करीब 20 वर्ष पुत्र श्री नरेश पाल यादव, निवासी हसनपुर थाना अलापुर जनपद बदायूँ ज्ञात हुआ जो पटना शिव मन्दिर से जलाभिषेक करके वापस अपने घर जा रहे थे।

ऐसी दुर्घटनाओं के दृष्टिगत मण्डल में श्रद्धालुओं को जागरूक किया जायेगा एवं हेलमेट वितरित कर उन्हें रवाना किया जायेगा।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks