
हरियाणा के नूंह में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। हरियाणा पुलिस की एक टीम नूंह में गोवध करने जा रहे शख्स को रोकने पहुंची थी।
हरियाणा के नूंह जिले के धुलावट गांव में मंगलवार को एक बड़ी वारदात हो गई। पुलिस ने बताया कि उसे पता चला कि एक शख्स गाय का वध करने जा रहा है। इसके बाद एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोपियों ने पुलिस पर हमला बोल दिया जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी की पीठ में चाकू लग गया। वहीं मुठभेड़ का फायदा उठाकर गिरफ्तार आरोपी का एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें एक खुफिया सूचना मिली थी कि धुलावट गांव की पहाड़ियों में एक स्थान पर दो लोग गोहत्या करने जा रहे हैं। इसके बाद आनन फानन में एक टीम बनाई गई। इस पुलिस टीम ने घटनास्थल पर छापा मारा, जहां उन्हें दो लोग गोहत्या की तैयारी करते हुए मिले। पुलिस ने बताया कि दोनों व्यक्तियों के पास अवैध हथियार थे और वे कहीं से गाय लेकर आए थे और उसके वध की तैयारी कर रहे थे।
नूंह पुलिस के प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि दो लोग एक गाय का वध करने की तैयारी कर रहे थे जबकि एक अन्य गाय पेड़ से बंधी हुई थी। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा और चेतावनी के तौर पर हवा में गोली चलाई। पुलिस के अनुसार एक आरोपी ने जवाब में उन पर गोली चला दी जबकि दूसरे ने चाकू फेंका। इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ गोलियां चलायीं, जिसमें सुबीन खान के पैर में गोली लगी और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान कालियाकी गांव के निवासी सुबीन खान के रूप में हुई। उसके साथ मौजूद पतुका गांव का रहने वाला वहीद फरार हो गया है। मुठभेड़ में घायल बदमाश को नूंह के नल्हड़ स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ में घायल पुलिसकर्मी को तावडू स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना ऐसे वक्त में हुई है जब हिंसा को लेकर यह इलाका बदनामी झेल रहा है। अक्सर हिंदूवादी कार्यकर्ता इस इलाके में गोहत्याएं किए जाने की घटनाओं के आरोप लगाते रहे हैं। सनद रहे नूंह साइबर क्राइम को लेकर भी सुर्खियों में रहता है।