
एटा,जलेसर। त्योहार पर दिल्ली से लौट रहे कुछ लोगों पर हमला कर दिया। ऑटो रूकवाकर हमला किया गया है। पीड़ितों ने लूट का भी आरोप लगाया है। हालांकि पूरे मामले को पुलिस आपस में मारपीट का बता रही है। मामले में तहरीर दें दी गई है।
कोतवाली जलेसर के गांव पधैरा निवासी कुलदीप जाटव साथी सूर्यकांत, राजेंद्र, दिनेश के साथ शुक्रवार की शाम दिल्ली से लौटे थे। दिल्ली में मजदूरी करते हैं। यह सभी आगरा से एक ऑटो में बैठकर गांव पधैरा आ रहे थे। आरोप है कि रास्ते में गांव रनोसा के कुछ लोगों ने ऑटो रूकवा लिया। ऑटो से बाहर निकालकर हमला कर दिया। इसमें वह घायल हो गए। आरोप है कि कुलदीप से 13700, सूर्यकांत से 17000, राजेंद्र से 11000, दिनेश से 40000, चालक सोनू से 700 लूट लिए। चीख पुकार की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। हमला करने वाले जातिसूचक गालियां देते हुए भाग गए। प्रभारी निरीक्षक जगदीश चन्द्र ने बताया कि दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था और मारपीट हो गयी थी। जिसमें कुछ लोगों के चोटें आईं हैं। मामले की जांच की जा रही है।
ट्रैक्टर की टक्कर से मासूम की मौत, मचा कोहराम
एटा। ट्रैक्टर की टक्कर से मासूम की मौत हो गई। जानकारी पर पुलिस पहुंच गई थी। थाना जसरथपुर के गांव तौसइया मलूक निवासी दो साल के अंश पुत्र अवधेश शनिवार दोपहर को घर के बाहर निकल आए थे। इसी दौरान ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। टक्कर लगने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। त्योहार पर हुई घटना के बाद खुशियों में रंग में भंग पड़ गया है। जानकारी पर पुलिस पहुंच गई थी।
धारदार हथियार से हमला कर किया घायल, रिपोर्ट दर्ज
एटा। मोहल्ला कटरा सुंदरलाल स्ट्रीट निवासी अनुज शर्मा ने कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 10 नवंबर को आरोपी राधे वार्ष्णेय निवासी पथवारी गेस्ट हाउस सहित तीन आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।