
एटा- मारपीट की सूचना पर गई पुलिस पर ही हमला कर दिया। एक सिपाही की उंगली में प्रेक्चर हो गया। आसपास के लोगों ने मामले को शांत कराया। महिला की ओर से तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस की टीमें इस मामले की जांच कर रही है।
थाना कोतवाली देहात के गांव मरथरा पर विमला पत्नी महाराज सिंह की कपड़े की दुकान है। आरोप है कि रविवार की देरशाम को तीन लोग उनकी दुकान के बाहर पहुंच गए। इन लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। मारपीट होते देख आसपास के लोग पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने झगड़े को शांत कराने का प्रयास किया लेकिन मामला शांत नहीं हुआ तो पुलिस चौकी पर सूचना दे दी गई। सूचना पर मुख्य आरक्षी सतीश और आरक्षी सोनू कुमार पहुंच गए। मारपीट कर रहे लोगों को हटाने लगे। आरोप है कि मारपीट के समय ही दोनों सिपाहियों के साथ भी मारपीट कर दी गई। सतीश के हाथ में चोट लग गई। सिपाही के घायल होने पर आरोपी फरार हो गए। मामले की जानकारी पुलिस के अधिकारियों को दी गई तो अन्य फोर्स भी पहुंच गया। कोई भी आरोपी नहीं मिल सका। इस मामले में विमला ने बबलू पुत्र सुनहरी लाल निवासी रुरिया सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं।