
अस्पताल में लापरवाही से गई महिला की जान
बरनाहल(मैनपुरी)/एटा । बीमार महिला को प्राइवेट नर्सिंग होम में उपचार नहीं मिला तो उसकी मौत हो गई। महिला की मौत होते ही संचालक और स्टाफ ने तीमारदार पुत्र से फाइल छीनने की कोशिश की। महिला के शव को जबरन अस्पताल से एंबुलेंस बुलाकर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की तहरीर पर शिकोहाबाद पुलिस ने अस्पताल संचालक और उसके स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अस्पताल को भी सीज करा दिया गया है। बरनाहल थाना क्षेत्र के ग्राम कनिकपुर सादा निवासी अजीत पुत्र रनवीर ने शिकोहाबाद पुलिस को तहरीर देकर शिकायत की कि उसकी मां मिथलेश देवी को बुखार आने पर शिकोहाबाद के मैनपुरी चौराहे पर स्थित मैक्स प्लस अस्पताल में भर्ती कराया था। तीन दिन पूर्व भर्ती कराई गई उसकी मां की तबियत खराब हुई तो अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ की तलाश की गई लेकिन कोई नहीं मिला। काफी देर बाद डॉक्टर जब तक आया तब तक उसकी मां की मौत हो गई। डॉक्टर ने जबरन एंबुलेंस बुलाकर उसकी मां को टामा सेंटर भेज दिया। इस दौरान डॉक्टर और उसके स्टाफ ने अस्पताल की फाइल छीनने के लिए मारपीट की। लेकिन वह फाइल सहित भाग निकला।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
शिकोहाबाद कोतवाली पुलिस ने तहरीर पर आरोपी हॉस्पिटल संचालक और उसके स्टाफ के खिलाफ आईपीसी की धारा 304ए और 323 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। शिकोहाबाद पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों के हवाले कर दिया।
गमगीन माहौल में शव का किया अंतिम संस्कार
शिकोहाबाद कोतवाली प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि आरोपी अस्पताल संचालक और स्टाफ भाग निकला है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। गुरुवार को दोपहर बाद मृतका के शव को गांव लाया गया और गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। फिरोजाबाद डीएम के निर्देश पर गुरुवार को सीएमओ फिरोजाबाद ने अस्पताल को भी सीज करा दिया है।