
पति के साथ मिलकर महिला ने युवक की हत्या
एटा। । दुकान संचालक की प्रेम-प्रसंग में हत्या हुई थी। पुलिस ने महिला और उसके पति को पकड़ा है। पुलिस का दावा है कि मृतक के आरोपी महिला से प्रेम-संबंध थे जिसकी जानकारी महिला के पति को हो गई थी। पति के साथ मिलकर महिला ने युवक की हत्या कर दी। शव को निधौली रोड स्थित नहर में फेंक दिया है। जबकि इससे पहले पुलिस ने इस महिला को पूछताछ के बाद छोड़ दिया था। मृतक के परिजनों के धरने पर बैठने के बाद पुलिसने मुकदमा दर्ज कर महिला को पकड़ा था।
पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता करते हुए एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि 11 सितंबर को रजत (30) पुत्र राना निवासी बारथर कोतवाली देहात लापता हो गए थे। रजत के परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। जब वह नहीं मिला तो 16 सितंबर को रजत की मां शकुंतला देवी ने गुमशुदी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 21 सितंबर को मां ने गांव के ही पुष्पेन्द्र, इसकी पत्नी प्रेमलता पर हत्या के इरादे से अपहरण करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। एसएचओ शंभूनाथ सिंह, टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पुष्पेन्द्र, उसकी पत्नी को आगरा रोड निधौली तिराहा से सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे पकड़ा। पूछताछ में बताया कि रजत की हत्या कर शव को हजारा नहर में फेंक दिया है। एएसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया कि आरोपी महिला प्रेमलता, मृतक रजत के मधुर-संबंध थे जो पति पुष्पेन्द्र को पता चल गई थी। मृतक पर महिला के आपत्तिजनक फोटो, वीडियो भी थे। जिसे वायरल होने के डर, पति की नाराजगी के बाद महिला पति संग मिलकर रजत की हत्या को राजी हो गई थी। 11 सितंबर को दोनों ने रजत को घर पर बुलाया और उसकी गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को निधौली रोड स्थित नहर में फेंक दिया। नहर में युवक की तलाश कराई जा रही है साथ ही पड़ोसी जिले की पुलिस से भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस शव बरामद नहीं कर सकती है।