बिमटामऊ में चोर ने मकान में घुसकर नगदी समेत हजारों रुपए का माल चुराया

बिमटामऊ में चोर ने मकान में घुसकर नगदी समेत हजारों रुपए का माल चुराया

पुर्वापीताराम में दूसरी घटना में घर से मोबाइल हुआ चोरी

बिधूना,औरैया। बीती रात चोरों ने दो अलग-अलग गांवों में दो घरों में धावा बोलकर नगदी लैपटॉप मोबाइल आदि सामान चोरी कर लिया है। बिमटामऊ गांव में बीती रात चोरों ने एक मकान में घुसकर 20000 रुपए नगदी समेत हजारों रुपए कीमत का माल चोरी कर लिया है वहीं दूसरी घटना में ग्राम पुर्वापीताराम में एक मकान से युवक का मोबाइल चोरी हो गया है। जानकारी होने पर पीड़ितों द्वारा पुलिस से शिकायतें कर कार्रवाई की गुहार लगाई गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पहली घटना में बिधूना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिमटामऊ निवासी उपेंद्र पाल पुत्र नरेंद्र सिंह पाल ने बिधूना कोतवाली पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि बीती रात वह अपनी छत पर सो रहा था और उसके जीने का दरवाजा खुला हुआ था तभी मौका पाकर उसके ही गांव निवासी विशाल यादव उसके जीने के रास्ते घर में घुस गया और चार्जिंग पर लगा उसका लैपटॉप मोबाइल व बेड की अलमारी में रखे 20000 रुपए नगद निकाल कर भाग गया। पीड़ित ने शिकायती पत्र में यह भी कहा है कि जब उसने सुबह उक्त आरोपी से अपने रुपए व सामान मांगा तो वह चकमा देकर भाग गया। पीड़ित गृहस्वामी की शिकायत पर निरीक्षक अपराध श्रीकेश भारती ने मामले की जांच कर जल्द घटना का पर्दाफाश करने का आश्वासन दिया। इसी तरह दूसरी घटना में बिधूना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पुर्वापीताराम रुरूगंज निवासी अमित कुमार पुत्र सत्य प्रकाश ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि उसका एंड्राइड मोबाइल फोन घर से चोरी हो गया है जिससे उसका हजारों रुपए का नुकसान हुआ है।

पुत्र ने अपनी विधवा मां को मारपीट कर जान से मारने का किया प्रयास

दैनिक अयोध्या टाइम्स जिला संवाददाता विमल पाण्डेय

बिधूना,औरैया। एक विधवा महिला ने अपने ही नशेड़ी पुत्र पर मारपीट कर जान से मारने के प्रयास के साथ धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिधूना कस्बे के मोहल्ला किशोरगंज निवासी विधवा महिला मनोरमा पत्नी स्वर्गीय नरेश चंद्र ने शुक्रवार को बिधूना कोतवाली पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उसका पुत्र प्रिंस नशेड़ी है और वह अक्सर उसके साथ मारपीट कर जान से मारने का प्रयास करता है इसी के चलते बीती रात उसके पुत्र ने घर के अंदर मारपीट कर जान से मारने का प्रयास किया। पीड़ित विधवा की शिकायत पर निरीक्षक अपराध श्रीकेश भारती ने मामले की जांच कर कर दोषी पाए जाने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।

किसान का कच्चा मकान गिरा गृहस्थी और पशु मलवे में दबे बकरी की मौत

दैनिक अयोध्या टाइम्स जिला संवाददाता विमल पाण्डेय

ग्राम प्रधान,पंचायत सचिव और पशु चिकत्सा अधिकारी ने किया निरीक्षण,

फफूंद/औरैया
क्षेत्र के गांव खगीपुर में बारिश से एक मजदूर का कच्चा मकान गिर गया, मलवे में उसकी सारी गृहस्थी,भैंस,पड़वा और बकरी दब गई।मकान गिरने की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने मलवा हटाया और भैंस व पड़वे को निकाला लेकिन जब तक उसमे दबी बकरी की मौत हो गई थी।मौके पर ग्राम प्रधान,पंचायत सचिव और पशु चिकत्सा अधिकारी के साथ पहुंचे और सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

फफूंद थाना क्षेत्र के गांव खगीपुर निवासी गौरीशंकर कैथवार मजदूरी करके गुजर बसर करते हैं उनका कच्चा मकान है शुक्रवार सुबह बारिश की वजह से मकान तेज आवाज के साथ गिरने लगा यह देख गौरीशंकर परिवार के साथ बाहर की ओर भागे तब तक पूरा मकान गिर पड़ा और उसके मलवे में गृहस्थी का सामान कमरे के बाहर बंधी भैंस,पड़वा और बकरी दब गई।आवाज सुनकर आए ग्रामीणों ने आनन फानन मलवे को हटाकर उसमे दबी भेंस,पडवे और बकरी को निकाला लेकिन तब तक बकरी की मौत हो चुकी थी।सूचना पर ग्राम प्रधान राजेश तिवारी, ग्राम पंचायत अधिकारी नंदराज और पशु चिकित्सा अधिकारी डाक्टर ब्रज भूषण सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी करके सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

आवारा गौवंश का झुंड दस बीघा बाजरा की फसल को कर गया नष्ट

दैनिक अयोध्या टाइम्स जिला संवाददाता विमल पाण्डेय

किसानों में आक्रोश ब्लाक अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप

फफूंद/औरैया
ब्लाक भाग्यनगर की ग्राम पंचायत बरौआ के किसान आवारा गौवंश से बेहद परेशान हैं।रखवाली करने के बाद शुक्रवार सुबह किसानों के घर लौटते ही गौवंश के झुंड खेतों में घुस गए और किसानों की दस बीघा से अधिक बाजरा की फसल नष्ट कर दी जिससे किसान आक्रोशित हैं किसानों ने ब्लाक के अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए गौवंशों को पकड़ाकर गौशाला मे भेजने की मांग की है।

ब्लाक भाग्यनगर की ग्राम पंचायत बरौआ में आवारा गौवंश से किसान बहुत परेशान हैं।सारी रात खेतों पर जगार करके बाजरे की फसल की रखवाली कर रहे हैं गांव निवासी किसान रामसरोवर,दीपा,उमेश,रामकुमार,धीरज,जयप्रकाश,योगेश,विवेक,धीरेंद्र,योगेंद्र ने बताया की गुरुवार रात भी फसल की रखवाली करके सुबह घर चले गए मौका देखकर साठ से अधिक गौवंशों का झुंड जिनमे सांड की संख्या ज्यादा थी खेतों में घुस गए और बाजरा फसल को खाने के साथ ही फसल को बुरी तरह रौंद डाला।ग्रामीणों की निगाह पड़ी तो सभी किसानों ने जाकर उन्हें भगाया।किसानों ने बताया की गौवंशो के झुंड आयदिन फसलों का नुकसान करते हैं ब्लाक के अधिकारियों से तमाम बार कहा लेकिन कोई सुनाई नही हुई अगर जल्द ही गौवंश को पकड़कर गौशालाओं में नही भेजा गया तो धरना देंगे।इस संबंध में ग्राम प्रधान सुशीला पांडे ने बताया की किसानों की इस समस्या को ब्लाक के अधिकारियों को बताया गया है जल्द ही इसका समाधान किया जाएगा।

डिप्टी सी.एम.ओ. ने मारा छापा,एक क्लिनिक सील दूसरे को नोटिस,,

दैनिक अयोध्या टाइम्स जिला संवाददाता विमल पाण्डेय

फफूंद कस्बे में चल रहे अवैध क्लिनिको पर हुई छापामारी,

फफूंद/औरैया
गुरुवार को झोला छाप डॉक्टर के इलाज से कस्बे में एक युवक की मौत होने के बाद स्वास्थ्य विभाग खाना पूर्ति करने में जुट गया है।जिसको लेकर डिप्टी सी एम ओ ने कस्बे के अवैध क्लीनिको पर छापा मारा।अवैध मिले एक क्लिनिक को सील करने के साथ ही एक क्लिनिक को नोटिस जारी किया।

शुक्रवार शाम डिप्टी सी एम ओ डाक्टर बी पी शाक्य ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ कस्बे के क्लिनिको पर छापा मारते हुए जांच पड़ताल की।इस दौरान फफूंद के बाबरपुर रोड पर बने पोली क्लिनिक पर जांच में अनियमित पाए जाने पर उन्हे नोटिस जारी किया गया।इसके बाद टीम ने पाता रोड पर बने महामाई क्लिनिक पर छापा मारा तो वहां मरीजों की भीड़ देख डिप्टी सी एम ओ ने उनसे कागजात दिखाने को कहा लेकिन क्लिनिक संचालक कुछ नही दिखा पाया जिस पर क्लिनिक को सील कर दिया गया।

इंटरमीडिएट की छात्रा फांसी के फंदे पर झूलती मिली

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, परिजनों में मचा को कोहराम

औरैया। शुक्रवार को शहर के मोहल्ला बनारसीदास में एक छात्रा की लाश पंखे से लटकती मिली। परिजनों ने जब यह दृश्य देखा तो उनके पैरों तले जमींन खिसक गई और उनमें चीख पुकार मच गई। आनन-फानन में वह उसे जिला अस्पताल ले गये जहां चिकित्सकों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर के मोहल्ला बनारसीदास नेहरू इंटर कॉलेज के पास निवासी अतुल दीक्षित की 16 वर्षीय पुत्री तान्या शहर के एक विद्यालय में इंटर की छात्रा थी। शुक्रवार की सुबह वह अपने घर के दूसरी मंजिल में बने कमरे में पढ़ाई कर रही थी। इसी बीच उसकी मां ने उसे नाश्ते के लिए आवाज दी तो उसने कुछ देर में आने को कहा। थोड़ी देर बाद दोबारा कई बार आवाज देने पर भी जब उसका जबाव नहीं आया तो करीब 10 बजे परिजन उसके कमरे में पहुंचे। जहां उन्होंने देखा कि तान्या की लाश उसके कमरे में पंखे से लटक रही थी। यह देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आनन फानन में परिजन उसे फंदे से उतारकर शहर के 50 शैय्या युक्त जिला अस्पताल ले गये। जहां तैनात चिकित्सक ने उसके परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना पाकर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मामले को लेकर कोतवाली प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज मिश्रा ने बताया कि छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरा गया। जिसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए चिचौली भेज दिया गया। छात्रा ने फांसी क्यों लगाई यह स्पष्ट नहीं है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

कोतवाली क्षेत्र में मिला अज्ञात शव पुलिस शिनाख्त करने में जुटी

औरैया। कोतवाली क्षेत्र के समीप अज्ञात शव मिलने की सूचना राहगीरों के द्वारा कोतवाली पुलिस को दी गयी। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी पंकज मिश्रा अपने हमराहियों के साथ घटना स्थल पर पहुँचे। घटना स्थल पर पहुँचने के बाद पुलिस ने आस- पास के लोगों के माध्यम से शव की शिनाख्त करने की कोशिश की, लेकिन अभी तक यह जानकारी नही हो सकी है कि यह शव किसका है और यहां कैसे आया। फिलहाल इसकी कोई जानकारी नही हो सकी है। कोतवाली पुलिस ने शव की फ़ोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने के साथ-साथ अपना बीबी सीयूजी नम्बर शेयर किया जिससे कि शव की शिनाख्त हो सके।

बिधूना पुलिस की आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई शांति भंग तक रही सिमट

पुलसिया रवैये से पीड़ितों को नहीं मिल पा रहा अपेक्षित न्याय भड़क रहा आक्रोश

बिधूना,औरैया। इन दिनों बिधूना पुलिस द्वारा वादविवाद समेत विभिन्न मामलों में अधिकांशतः शांति भंग के तहत निरोधात्मक कार्यवाही कर ही अपनी जिम्मेदारी की इतिश्री कर दी जाती देखी जा रही है जिससे पीड़ितों को अपेक्षित न्याय न मिल पाने से लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी भड़क रही है।
इन दिनों बिधूना कोतवाली में वाद विवाद मारपीट समेत विभिन्न मामलों की फरियाद करने आने वाले फरियादियों व उनके विपक्षी आरोपियों दोनों पक्षों के विरुद्ध अधिकांशतः सिर्फ शांति भंग के तहत निरोधात्मक कार्रवाई कर पुलिस द्वारा अपनी जिम्मेदारी की इतिश्री कर दी जाती नजर आ रही है। पीड़ितों द्वारा जिन मामलों में शिकायती पत्र दिए जाते हैं उन मामलों से संबंधित धाराओं में कारवाई न होने से पीड़ितों को अपेक्षित न्याय न मिल पाने के कारण लोगों में पुलिस के रवैए के प्रति भारी आक्रोश भड़क रहा है। यही नहीं सबसे दिलचस्प और गौरतलब बात तो यह है कि आरोपियों की कौन कहे पीड़ित फरियादियों के विरुद्ध भी पुलिस द्वारा शांति भंग के तहत निरोधात्मक करवाई कर दी जाती है और इसी के चलते जब पीड़ित को कोतवाली स्तर पर न्याय नहीं मिल पाता है तो यह फरियादी पुलिस उच्चाधिकारियों के साथ ही शासन तक न्याय के लिए फरियादें करने के लिए भटकने को मजबूर होते हैं। क्षेत्रीय जागरूक लोगों द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व पुलिस महानिदेशक से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर पीड़ितों को न्याय दिलाए जाने की मांग की गई है।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा के अंतर्गत क्यूज प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

जय चर्तुवेदी एवं पोस्टर प्रतियोगिता में प्रीति चौधरी ने ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किए

औरैया। औरैया ब्लॉक के अंतर्गत नगर पालिका इंटर कॉलेज में ब्लॉक स्तरीय क्यूज एवं पोस्टर प्रतियोगिता संपन्न कराई गई। जिसमें दस विद्यालयों के छात्रों ने प्रतिभाग किया। ब्लाक नोडल संपूर्णानंद जी व सह नोडल दिलीप कुमार आर्य ने बताया कि जिलाधिकारी व जिला विद्यालय निरीक्षक आदेशानुसार राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा प्रतियोगिता दो चरणों में होनी थी जिसमे ब्लॉक स्तर पर दस विद्यालयों के दो दो प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। जिसमे क्युज में तीन प्रतियोगी चुने गए जिसमे प्रथम स्थान जय चतुर्वेदी नगर पालिका इण्टर कॉलेज, द्वितीय स्थान दिव्या तिलक इण्टर कॉलेज, तृतीय स्थान दीक्षा नेहरू इंटर कॉलेज की छात्रा ने प्राप्त किया ।इसी प्रकार चित्रकाल में भी तीन प्रतिभागी चुने गए। जिसमे प्रथम स्थान प्रीति चौधरी , रघुन्दन सिंह विद्यालय, द्वितीय स्थान शालिनी नगर पालिका इण्टर कॉलेज, तृतीय स्थान शालिनी राजपूत तिलकइण्टर कॉलेज की छात्रा ने प्राप्त किया। प्रतियोगिता प्रभारी ने बताया की अब चयनित प्रतिभागियों की आगामी प्रतियोगिता अब जनपद स्तर पर होगी। इस अवसर पर संतोष कुमार , श्री मती माधुरी त्रिपाठी, सुभिका , प्रियंका सिंह , गोपाल पांडेय, आदि शिक्षक मौजूद रहे।

श्रीमद् भागवत एवं राम कथा का आयोजन 24 से

स्थानीय आवास विकास स्थित काली माता मंदिर से निकलु जाएगी भव्य कलश यात्रा

27 सितंबर को कथा पंडाल में होगा कवि सम्मेलन का आयोजन

औरैया। स्थानीय देवकली मंदिर के समीप आनंदम कृपा फाऊंडेशन द्वारा आयोजित ब्रह्मलीन स्वामी श्री राजेश्वरानंद जी के पावन आशीर्वाद से पितृ मोक्ष श्री राम कथा का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें परम पूज्य आचार्य अंकुश तिवारी जी महाराज सरस कथा वाचक गंभीर वाणी में श्रीमद् भागवत कथा रस की वर्षा करेगे। श्रीमद् भागवत कथा शुभारंभ होने से पूर्व स्थानीय आवास विकास स्थित काली माता मंदिर से कलश यात्रा निकाली जाएगी। श्रीमद् भागवत कथा 24 सितंबर से 30 सितंबर तक चलेगी। इसी दौरान श्री राम कथा का भी आयोजन होगा। कथा समापन अवसर पर विशाल भंडारा का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा श्रीमद् भागवत कथा पंडाल में 27 सितंबर को कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा। उपरोक्त जानकारी प्रेसवार्ता के दौरान आयोजक मंडल ने दी है।
श्रीमद् भागवत कथा के आयोजन कवि सम्राट अजय अंजाम, अंकित तिवारी, आशीष तिवारी व अंकुश दुबे ने प्रेसवार्ता के दौरान शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय देवकली मंदिर के समीप आनंदम कृपा फाऊंडेशन आश्रम में 24 सितंबर से श्रीमद् भागवत एवं श्री राम कथा प्रवचन का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए 24 सितंबर को प्रातः 8 बजे कलश यात्रा, देव पूजन, मंगलाचरण एवं नाम महिमा कार्यक्रम होंगे। 25 सितंबर को सती परिचय, शिव पार्वती विवाह एवं श्री राम अवतार के कारण, 26 सितंबर को श्री राम जन्मोत्सव का, बाल लीला वर्णन, अहिल्या उद्धार, 26 सितंबर को श्री राम जानकी विवाह महोत्सव व 28 सितंबर को श्री राम वन गमन, केवट प्रसंग, भरत परिचय, 29 सितंबर को दंडक वन प्रवेश, सीता हरण, हनुमान एवं सुग्रीव का मिलन, सुंदर कांड कथा, 30 सितंबर को श्री राम जानकी अयोध्या आगमन, श्री राम राज्याभिषेक के साथ कथा का विश्राम होगा। जबकि श्रीमद् भागवत कथा दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। इसके अलावा श्री राम कथा 12 बजे से 4 बजे के मध्य होगी। इसके अलावा 27 सितंबर को विषद कवि सम्मेलन का भी आयोजन श्रीमद् भागवत कथा पंडाल में होगा। 1 अक्टूबर 2023 को हवन पूर्णाहुति प्रातः 9 बजे व भंडारा 1बजे से आयोजित किया जाएगा। कथा आयोजन मंडल ने श्रद्धालु भक्तगणों से कथा का रसपान कर अपने आप को कृतार्थ करने की पुरजोल अपील की है।

खाद की भीषण किल्लत किसान परेशान दुकानदार वसूल रहे मनमाने दाम

1360 की डीएपी 1600 तक 266 की यूरिया 400 रुपए तक में रही बिक

औरैया। जिले में डीएपी व यूरिया की भीषण किल्लत होने से किसान बेहद परेशान है। डीएपी यूरिया की किल्लत दर्शा कर अधिकांश प्राइवेट खाद विक्रेता डयौढे से भी अधिक मूल्य पर खाद बेंच कर किसानों का सरेआम शोषण कर रहे हैं। पीड़ित किसानों की समस्याओं को लेकर किसान संघ के नेताओं ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल डीएपी व यूरिया की किल्लत दूर कराने एवं कालाबाजारी में लिप्त खाद विक्रेताओं के विरुद्ध कार्यवाही करने की मांग करते हुए प्राइवेट खाद दुकानों पर छापामारी अभियान चलाए जाने की मांग की है।
जिले में किसानों को इन दिनों आलू लहसुन सरसों आदि फसलों के लिए डीएपी व धान आदि खरीफ की फसल के लिए यूरिया खाद की बड़े पैमाने पर आवश्यकता है ऐसे में सहकारी खाद केंद्रों पर खाद की किल्लत होने के साथ ही प्राइवेट खाद विक्रेताओं द्वारा भी खाद की कमी होने का झांसा देकर बड़े पैमाने पर खाद की कालाबाजारी शुरू कर दी गई है। डीएपी व यूरिया की कालाबाजारी का आलम यह है 1360 रुपए प्रति बोरी की डीएपी 1600 रुपए तक में किसानों को बेची जा रही है वहीं 266 रुपए प्रति बोरी की यूरिया प्राइवेट खाद विक्रेताओं द्वारा 350 रुपए से 400 रुपए प्रति बोरी तक बेचकर किसानों का सरेआम शोषण किया जा रहा है। प्राइवेट खाद विक्रेता किसानों से निर्धारित मूल्य पर खाद बिक्री का अंगूठा लगवाने के बाद खुलेआम शोषण कर रहे हैं। निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य पर डीएपी व यूरिया बेचने का विरोध करने वाले किसानों को प्राइवेट खाद विक्रेताओं द्वारा खाद उपलब्ध ना होने की बात कहकर टरका दिया जाता है। डीएपी व यूरिया खाद उपलब्ध ना हो पाने के कारण किसानों की फसलें प्रभावित हो रही है जिससे लागत और मेहनत पर पानी फिरने से किसान बेहद परेशान हैं। डीएपी व यूरिया की कालाबाजारी से चिंतित भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री प्रवीण पालीवाल, भाकियू के जिलाध्यक्ष विपिन राजपूत, डॉ धीरेंद्र सिंह आदि किसान नेताओं ने डीएपी व यूरिया की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाने की जिला प्रशासन से मांग करते हुए किसानों से अधिक मूल्य पर खाद बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो में टक्कर मारी कई सवारियां घायल

औरैया। शुक्रवार की दोपहर तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। औरैया के चिचौली पुल पर तेज गति से आ रहे डम्फर ने एक सवारियों से भरे एक ऑटो को सामने से कट मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क पर घायलों की चीख पुकार मच गई और सड़क लहूलुहान हो गयी। इस एक्सीडेंट में ऑटो सवार रूपसिंह पुत्र देवी दयाल निवासी हर्राजपुर, वेद प्रकाश पुत्र भरत सिंह निवासी गपचरियापुर, चंद्रभान पुत्र बाबूराम निवासी ऊमरसाना घायल हो गये। इस एक्सीडेंट में चंद्रभान की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिस कारण डॉक्टर ने उन्हें सैफई रेफर कर दिया है। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं ऑटो चालक व टक्कर मारने के बाद मौके से डंपर सहित चालक फरार हो गया है।
औरैया ककोर मुख्यालय के पास चिचौली पुल पर एक तेज रफ्तार डम्फर ने शुक्रवार की दोपहर ऑटो में टक्कर मार दी, जिससें ऑटो में सवार 4 यात्री घायल हो गये। जिनमें एक की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें डॉक्टर ने सैफई रेफर कर दिया।घटना करीब 2 बजे की है जब यूपी 79 ए टी 0124 न0 का ऑटो सवारियां भरकर औरैया से दिबियापुर जा रहा था, तभी सेंगर नदी के चिचौली पुल पर एक तेज रफ्तार डम्फर ने सामने से टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। ऑटो में सवार यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस की मदद से चिचौली के 100 शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया। जहाँ पर डॉक्टरों ने एक की हालत को गंभीर देखते हुए सैफई मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है। पुलिस ने सभी घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है। अभी तक टक्कर मारने वाले डम्फर की जानकारी नही मिली है।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks