
आगरा
आगरा मंगलवार को एक सड़क हादसे की वजह से कई लोग घायल हो गए। टेढ़ी बगिया चौराहे पर बिना चालक के खड़ा कंटेनर अपने आप आगे बढ़ने लगा। जिसकी वजह से कंटेनर के सामने खड़े लोगों में अफरा तफरी मच गई। इस दौरान कई वाहन और ठेल ढकेल चपेट में आ गई और 2 से 3 लोग इस घटना में घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम 8:00 बजे हाथरस की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने खंदौली थाना क्षेत्र में एक कार को टक्कर मार दी। इसके बाद कार चालक ने ट्रक का पीछा किया। ट्रक चालक कंटेनर को दौड़ते हुए टेढ़ी बगिया चौराहे पर ले आया। इसके बाद कार चालक ने यातायात पुलिस को सूचना दी और टेढ़ी बगिया चौराहे पर बैरियर लगाकर कंटेनर को रोक लिया गया। पुलिस ने कंटेनर चला रहे चालक को गिरफ्तार कर लिया और उसे टेढ़ी बगिया चौकी बूथ में ले गए। इससे पहले कंटेनर चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया था।
देर शाम को अचानक से सड़क किनारे खड़ा कंटेनर आगे की तरफ बढ़ने लगा। लोगों ने देखा तो कंटेनर में कोई भी चालक या व्यक्ति मौजूद नहीं था। इससे पहले की लोग कुछ समझ पाते कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े कई वाहनों और ठेल ढकेल को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान 6 बाइक, ई रिक्शा, तीन सब्जी की ठेल, एक 10 साल की बालिका और एक सब्जी विक्रेता इस घटना में घायल हो गया। इतना ही नहीं कंटेनर आगे बढ़ते हुए चौराहे के पास मौजूद शराब के ठेके में जा घुसा।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भेज दिया और वही कंटेनर को चालक द्वारा चौकी पहुंचवाया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।