इंडिया शब्द के विरुद्ध आंदोलन करेगी हिन्दू महासभा – डॉ गीता रानी।

अखिल भारत हिन्दू महासभा ने भारतीय संविधान से इंडिया शब्द हटाने की मांग करते हुए इंडिया के स्थान पर भारत और इंडियन के स्थान पर भारतीय शब्द अंकित करवाने हेतु राष्ट्रव्यापी अभियान आरंभ करने की घोषणा की है । हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने कहा कि इंडिया और इंडियन दोनो शब्द पराधीनता की निशानी हैं , जिनसे देश को 15 अगस्त को ही मुक्त हो जाना चाहिए था , किंतु ब्रिटिश साम्राज्यवाद के चाटुकार तत्कालीन भारतीय सियासी नेताओं की चाटुकारिता के कारण तत्कालीन परिस्थितियों में ऐसा संभव नहीं हो पाया था । उन्होंने कहा कि आज परिस्थितियां अनुकूल होने से भारतीय संविधान को इंडिया और इंडियन शब्द मुक्त करने का अच्छा अवसर है । हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने कहा कि इंडिया और इंडियन जैसे अपमानजनक शब्दों को भारतीय संविधान में जबरन स्थान दिलवाने वाले तत्कालीन सियासी नेताओं की वर्तमान पीढ़ी कांग्रेस के नेतृत्व में इंडिया नामक राजनीतिक गठबंधन बनाकर भारतीय मतदाताओं को भावनात्मक रूप से छलने का षड्यंत्र कर रहे हैं । हिन्दू महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर गीता रानी ने हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी के विचारों का स्वागत करते हुए कहा कि इंडियन शब्द का पाश्चात्य शब्दकोश के अनुसार अर्थ अवैद्य होता है । पाश्चात्य परंपरा के अनुसार जिनका चर्च में विवाह नहीं हुआ , वो विवाह और विवाह से जन्मी संताने अवैद्य होती हैं । चूंकि भारत में विवाह सनातन परंपरा के अनुसार होता है और चर्च में विवाह न होने के कारण उस विवाह और विवाह से उत्पन्न संतानों को पाश्चात्य संस्कृति में अवैद्य घोषित करते हुए भारतवासियों को इंडियन कहा जाने लगा । दुर्भाग्य का विषय है कि स्वतंत्रता के 76 वर्ष बाद भी हम संवैधानिक रूप से इंडिया और इंडियन जैसे अपमानजनक शब्दों को ढोते हुए स्वयं को निरंतर अपमान और शर्मिंदगी से विभूषित करने पर बाध्य हैं । अपमान बोध के इंडिया और इंडियन शब्दों को भारतीय संविधान से हटाकर ही हम भारत और भारतीय शब्द से देशवासियों को गौरवान्वित होने का अवसर प्रदान कर सकते हैं । डॉ गीता रानी ने कहा कि हिंदू महासभा संविधान को इंडिया शब्द से मुक्त कराने के लिए भारत के कोने कोने तक आंदोलन करेगी। हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नितिन उपाध्याय ने कहा इंडिया नामक राजनीतिक गठबंधन के राजनीतिक मंसूबों को हिन्दू महासभा कभी पूरा नहीं होने देगी । लोकसभा और विधानसभा चुनावों में इंडिया गठबंधन में शामिल राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के विरोध में हिन्दू महासभा देश भर में चुनाव प्रचार कर उनकी जमानत जब्त करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी ।