
चमगादड़ों में पहली बार मिला इंसेफेलाइटिस वायरस
गोरखपुर। पूर्वी यूपी और बिहार में मासूमों की जान लेने वाला जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई) वायरस चमगादड़ों को भी संक्रमित करने लगा है। देश में पहली बार चमगादड़ों में जापानी इंसेफेलाइटिस वायरस मिला है। बरेली स्थित आईवीआरआई के शोध में इसका खुलासा हुआ है। यह चमगादड़ गोरखपुर में वर्ष 2020 में मृत मिले थे।
देश में कोरोना की पहली लहर में लॉकडाउन लगा था। इसी दौरान 26 मई 2020 को गोरखपुर के बेलघाट क्षेत्र के एक बाग में करीब 150 चमगादड़ मृत मिले। कोरोना के संदेह में वन व पशुपालन विभाग ने मृत 52 चमगादड़ पोस्टमार्टम व विस्तृत जांच के लिए बरेली स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) भेजे। आईवीआरआई में एनिमल एंड पब्लिक हेल्थ विंग की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. हिमानी धान्जे की अगुवाई में टीम ने चमगादड़ों की जांच की।