
दहेज न देने पर कराया गर्भपात, महिला की मौत
एटा। दहेज न देने पर विवाहिता का उत्पीड़न किया। गर्भपात कराने के लिए आगरा ले गए। आगरा में विवाहिता की मौत हो गई। जानकारी के बाद मायके वाले भी पहुंच गए। पिता ने ससुरालीजनों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली देहात के गांव हिम्मतपुर निवासी अमृतपाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि बेटी रिंकी (24) की शादी हृदेश यादव निवासी नगला संत थाना निधौलीकलां के साथ की थी। आरोप है कि ससुरालीजन कार की मांग करते थे। न देने पर बेटी का उत्पीड़न करते थे। सास बेटी के गर्भ में पल रहे आठ माह के बच्चे को गिराने का दबाव बना रही थी। बेटी ने मना कर दिया था।
आरोप है कि गर्भपात कराने के लिए आगरा ले गए। आगरा में बेटी रिंकी की अत्यधिक खून बहने से मौत हो गई। गर्भस्थ शिशु की भी मौत हो गई है। मामले में मृतका के पिता ने दामाद सहित अन्य ससुरालीजनों के विरुद्ध तहरीर दी है। एसएचओ निधौलीकलां मनोज कुमार का कहना है कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। पूछताछ में सामने आया है कि प्रसव के दौरान महिला की मौत हुई है। जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।