मंत्री की गाड़ी से टकराना छात्र को पड़ा भारी

मंत्री की गाड़ी से टकराना छात्र को पड़ा भारी

देवरिया – प्रदेश सरकार की ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम की गाड़ी से एक किशोर की बाइक क्या टकराई? बड़ा अपराध हो गया। पड़ताल न पूछताछ, पुलिस ने आनन-फानन में मंत्री के कारिंदे की तहरीर पर 12वीं में पढ़ने वाले इस किशोर और इसके साथी के खिलाफ जानलेवा हमले जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया। आरोपित छात्र पुलिस हिरासत में है। इसका कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है। परिजन भी बेगुनाही की फरियाद के साथ सवाल कर रहे हैं- क्या पिता की बाइक (बुलेट) लेकर जाना और कार से टकराना गंभीर धाराओं का कृत्य है?

वाकया 14 अगस्त की दोपहर दो बजे का है। पुलिस को सूचना रात 11.40 बजे बजे दी गई। पीएसओ हरेंद्र कौशिक, प्रवीण कुमार यादव के हस्ताक्षरयुक्त तहरीर में बताया गया कि ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम अपराह्न दो बजे देवरिया के सोनू घाट से कुशीनगर जा रही थीं। जब गाड़ी कोतवाली थाना क्षेत्र के परसिया भंडारी गांव पहुंची, तो अचानक काफिले में बाइकसवार दो लड़कों ने मंत्री की ओर बाएं तरफ से लोहे के किसी धारदार हथियार से हमला किया। इससे गाड़ी पलटने से बची और एक शीशा भी टूट गया। बाद में यह लड़का गाली और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। सीसीटीवी कैमरों से पता चला कि हमलावर पास के एक गांव के प्रधान का पुत्र व एक अज्ञात था। जनप्रतिनिधि पर हमला किसी बड़ी साजिश का भाग हो सकता है, इसलिए कठोर कार्रवाई की जाए। इसके आधार पर पुलिस ने भादसं की धारा 307, 352, 427, 504, 506 के तहत दोनों लड़कों पर मामला दर्ज कर लिया।

मंगलवार को पुलिस ने आरोपित किशोर को हिरासत में ले लिया। चालक प्रवीन के अनुसार उसने हमलावर के हाथ में कोई नुकीला धारदार हथियार देखा था। हालांकि पुलिस को हथियार का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस पूछताछ में आरोपित छात्र का कहना है कि उसने हाथ में कड़ा पहन रखा था, हूटर बजने से वह हड़बड़ा कर मंत्री की गाड़ी पर गिर पड़ा। इस दौरान हाथ का कड़ा लगने से शीशा टूट गया। प्रत्यक्षदर्शी और नाबालिग छात्र के प्रधान पिता भी इस मामले को सामान्य हादसा ही बता रहे हैं। उनके मुताबिक, 12वीं में पढ़ने वाला मेरा नाबालिग बेटा नवजीवन मिशन स्कूल के रास्ते घर आ रहा था। बुलेट पर उसका एक दोस्त भी था। उसी दौरान राज्यमंत्री का काफिला उधर से आया और चालक ने हूटर बजा दिया। हूटर बजने से लड़का घबरा गया और राज्यमंत्री की गाड़ी पर गिर गया। उसने हाथ में कड़ा पहना था जिससे मंत्री की गाड़ी का साइड मिरर टूट गया। पुलिस ने मंगलवार सुबह से ही मेरे बेटे को कोतवाली में बैठाया है।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks