*जहरीली खिचड़ी खाने से दो मासूमों की मौत, रिपोर्ट योगेश मुदगल

करहल- कस्बा के मोहल्ला तपा की नगरिया में जहरीली खिचड़ी खाने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि मां की हालत गंभीर है। उसे सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। गुरुवार शाम बनी खिचड़ी खाने से एक बच्चे की उसी समय और दूसरे की शुक्रवार को मौत हो गई। खिचड़ी में क्या मिला था, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
कस्बा के मोहल्ला तपा की नगरिया निवासी विक्रम सिंह कठेरिया पुत्र वेदप्रकाश ने बताया कि पत्नी ने गुरुवार की शाम खिचड़ी बनाई थी। शाम को वह घर आया तो तीन वर्षीय बेटी काव्या और 2 वर्षीय पुत्र वंश मां के साथ खिचड़ी खा रहे थे। इसके कुछ देर बाद तीनों की हालत बिगड़ गई। वो उन्हें संभालने लगा। आनन-फानन में तीनों को पड़ोसियों की मदद सैफई मेडिकल ले जाया गया, जहां गुरुवार की देर शाम काव्या ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार की सुबह बेटे वंश की भी मौत हो गई। मां की हालत गंभीर है। उसका इलाज चल रहा है।
बच्चों का पोस्टमार्टम तक नहीं हो सका घटना से पेशे से मजदूर विक्रम का पूरा परिवार उजड़ गया है। पत्नी की देखभाल में लगे होने से वह पुलिस को जानकारी भी नहीं दे सका, जिस कारण बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम भी नहीं हो सका। खिचड़ी में क्या मिला था, यह अब तक रहस्य बन चुका है। थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी है पर कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है।