
शिकायतों के निस्तारण में अलीगंज प्रदेश में अव्वल
एटा,अलीगंज, । जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संचालित जनसुनवाई योजना में अलीगंज तहसील को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से 121 शिकायतकर्ताओं ने आवेदन किया था। इसे समय से निस्तारित कर दिया गया है।
तहसीलदार राकेश कुमार सिह ने बताया कि तहसील अलीगंज क्षेत्र की 121 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इसमें से सबसे अधिक राजस्व संबंधित थीं। सभी शिकायतों को समय से निस्तारित किया गया है। प्रदेश में प्रथम स्थान मिलना अधिकारियों की कार्य कुशलता का परिणाम है। आगामी समय में भी समयबद्ध तरीके से निस्तारण कराया जाएगा। आईजीआरएस प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि ऑनलाइन आने वाली शिकायतों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर शीघ्र ही निस्तारण करवाया जाता है। सभी शिकायतों को निष्पक्ष तरीके से निपटाया जा रहा है।