
जेठ ने तमंचे के बल पर किया दुराचार
एटा,सहावर, । थाना क्षेत्र के एक गांव में जेठ द्वारा घर में घुसकर दुराचार करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि चीखपुकार सुनकर पहुंचे अन्य ससुरालीजनों को घटना की जानकारी दी गई तो उन्होंने भी विवाहिता से मारपीट की। मामले में पीड़िता की तहरीर पर कोर्ट के आदेश पर थाना पुलिस ने जेठ समेत सभी ससुरालीजनों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई रिपोर्ट में एक विवाहिता ने बताया कि उसका पति नोएडा में काम करता है। वह ससुराल में अपने बच्चों के साथ रहती है। उसके देवर व जेठ उस पर गलत निगाह रखते हैं। आरोप है कि गत तीन मई की रात वह अपने बच्चों के साथ घर में थी। इसी दौरान उसका जेठ हंसराज घुस गया और अंदर से कमरा बंद कर तमंचे के बल पर धमकाते हुए उससे दुराचार किया। चीखपुकार पर ससुराल के अन्य लोगों को आता देख आरोपी धमकी देकर भाग गया। उसने मौके पर पहुंचे देवर देवेंद्र, जेठानी प्रेमलता, सतीश, मुकेश को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी तो सभी उत्तेजित हो गए। उसके साथ मारपीट कर दी। आसपास के लोगों को आता देख सभी आरोपी धमकी देकर चले गए। उसने मामले में कार्रवाई के लिए थाने में शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।