
अपात्र महिलाएं ले रही थीं विधवा पेंशन
कासगंज। जनपद में पति की मृत्यु के बाद निराश्रित महिला पेंशन योजना का लाभ 13 अपात्र महिलाएं ले रही थीं। पेशन योजना के सत्यापन के दौरान इस बात का खुलासा हुआ है।
विधवा महिलाओं की मृत्यु के बाद भी 226 खातों में पेंशन की राशि जाती रही। विभाग ने अब मृतक महिलाओं के परिजनों को मृत्यु प्रमाण पत्र जमा करने के लिए नोटिस जारी किए हैं। जनपद में एक अप्रैल 2023 तक निराश्रित महिला पेंशन योजना में 17522 लाभार्थी थे। विभाग द्वारा इन लाभार्थियों का सत्यापन कराया गया तो पता चला कि 13 अपात्र महिलाएं विधवा पेंशन का लाभ ले रही थीं। इनमें से 12 महिलाओं द्वारा विवाह भी कर लिया गया है। विधवा पेंशन ले रही महिलाओं में 226 महिलाओं की मृत्यु हो चुकी है। मृतक महिलाओं के परिजनों द्वारा मृत्यु प्रमाण पत्र जमा न किए जाने की वजह से पेंशन की धनराशि उनके बचत खातों में भेजी जाती रही। विभाग इन सभी अपात्र व मृतक महिलाओं के परिजनों को नोटिस जारी कर रहा है। ताकि अवैध रूप से प्राप्त की गई धनराशि की वसूली की जा सके।