लॉकडाउन के चलते उपयोग न होने से खड़े विमानों में लग रहा जंग, मिला जांच का आदेश
कोरोना वायरस के चलते दुनियाभर में लॉकडाउन चल रहा है. लॉकडाउन के दौरान विमानों का आवागमन पूरी तरह बाधित है. ऐसे में दुनिया में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले विमान बोइंग 737 में तकनीकी खराबी का खतरा पैदा हो गया है. अमेरिकी एयरलाइन रेगुलेटर ने दुनियाभर के देशों से सभी बोइंग 737 की जांच के निर्देश दिए हैं. कंपनी ने कहा है कि सभी एयरलाइंस विमान के इंजन के वॉल्व की जांच करें, कहीं उनमें जंग तो नहीं लग गई है. कंपनी ने कहा कि अगर किसी भी विमान के इंजन में जंग या किसी भी तरह की कोई तकनीकी खराबी दिखाई देती है तो बोइंग इंस्पेक्शन और रिप्लेसमेंट इंफॉर्मेशन देगी.
बता दें कि बोइंग ने 737 क्लासिक और नेक्स्ट-जेन 737s के लिए एडवायजरी जारी की है. कंपनी ने कहा है कि कोरोना के चलते विमान लंबे समय से खड़े हैं. विमान का इस्तेमाल न होने से उसके इंजन में लगे वॉल्व में जंग लगने का डर है. यही कारण है कि सभी विमान के वॉल्व में जंग की जांच करना बेहद जरूरी हो गया है.
