*गैस रिफिलिंग ठिकाने पर छापा, 24 सिलेंडर बरामद, रिपोर्ट योगेश मुदगल

कासगंज। जिला पूर्ति विभाग की टीम ने अमांपुर में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग के ठिकाने पर कार्रवाई कर मौके से 24 गैस सिलेंडर पुलिस के माध्यम से बरामद किए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी संजय सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी अमांपुर में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग का काम किया जा रहा है इससे कभी भी हादसा हो सकता है। सूचना पर तत्काल पूर्ति निरीक्षक अमांपुर की टीम को पुलिस के साथ भेजा गया। जांच कर कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध गैस रिफिलिंग के ठिकाने पर 24 सिलेंडर और उपकरण बरामद किए गए हैं।
इस मामले में अवैध रिफिलिंग का काम करने वाले दो लोगों के खिलाफ अमांपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि इससे पहले पटियाली और सिढ़पुरा में भी अवैध रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।