
2953 अभ्यर्थी देंगे संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा
एटा, । जिले के छह केन्द्रों पर 15 जून को संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 2023 का आयोजन होगा। डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने केन्द्र व्यवस्थापक, अधिकारियों को शासन की मंशानुसार निष्पक्ष, नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से परीक्षा सम्पन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम ने केन्द्र व्यवस्थापकों, संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए जीजीआईसी, जीआईसी, अविनाशी सहाय आर्य इण्टर कॉलेज, क्रिश्चियन इण्टर कॉलेज, प्रिंटिस गर्ल्स इण्टर कॉलेज, लक्ष्मीबाई बालिका इण्टर कॉलेज को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। इन केन्द्र पर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर कक्ष निरीक्षकों के साथ एक बैठक कर ली जाए।
डीएम ने कहा कि 15 जून को दो पालियों में आयोजित प्रवेश परीक्षा में 2953 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सभी केन्द्र व्यवस्थापक अपने केन्द्र पर सावधानी, सतर्कता बनाए रखें। सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से परीक्षा को सफलतापूर्वक आयोजित कराएं। परीक्षा केंद्रों के आस-पास की फोटोकॉपी, स्कैनिंग की दुकानें बंद रखें। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। परीक्षा दो पालियों में होगी जिसमें प्रथम पाली प्रात 9 से मध्यान्ह 12 तक तथा दूसरी पाली अपराहन 2 से 5 बजे तक की होगी। ओएमआर शीट की 3 प्रतियां होंगी, जिसमें से तृतीय प्रति परीक्षार्थी को ले जाने की अनुमति होगी। प्रश्नपत्र बुकलेट परीक्षार्थी को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व आयुष चौधरी, एएसपी क्राइम विनोद कुमार पाण्डेय, तहसीलदार सीपी सिंह, प्राचार्य डायट जितेन्द्र सिंह, डीआईओएस मिथलेश कुमार, बीएसए संजय सिंह सहित अन्य अधिकारीगण, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक आदि मौजूद रहे।