*नृशंस जमीन के लिए छोटे भाई को कुल्हाड़ी से काटा, रिपोर्ट योगेश मुदगल

कासगंज,। जमीन हड़पने के लिए बड़े भाई ने दिव्यांग सगे छोटे भाई को कुल्हाड़ी से काट डाला। शनिवार रात सहावर के सिरोरी गांव में हुई वारदात पर एएसपी, सीओ ने मौका-मुआयना किया। मंझले भाई ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
सिरोरी में पिता ईश्वरी प्रसाद अपने तीन बेटों रामनरेश, सुरेश और रमेश के साथ रहते थे। तीनों का बंटवारा कर दिया था। तीनों अलग रहते थे, लेकिन छोटा भाई रमेश कुछ दिन पूर्व हादसे में बिजली से झुलसकर हाथ से दिव्यांग हो गया था। इसके चलते उसने अपनी छह बीघा खेती मंझले भाई को दे रखी थी और उसके साथ ही रहने लगा था। बड़े भाई रामनरेश को ये नागवार गुजरा। कई बार वो इस बात पर छोटे भाई रमेश से झगड़ा भी कर चुका था। रिपोर्ट के अनुसार शनिवार देर रात भी रामनरेश, रमेश के पास पहुंचा। दोनों में फिर काफी झगड़ा हुआ। रात करीब 12 बजे रामनरेश ने पास पड़ी कुल्हाड़ी से वार कर रमेश की गर्दन काटकर हत्या कर दी। चीख सुनकर पिता दौड़े तो रामनरेश भाग चुका था। मौके पर रमेश का क्षत-विक्षत शव पड़ा था। कुछ देर में ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए। चौकीदार की सूचना पर सहावर पुलिस व सीओ राजू निषाद ने पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। मंझले भाई सुरेश ने बड़े भाई पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।