भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने रैली कर किया शक्ति प्रदर्शन,की बेहतरीन शायरी

मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने रैली कर किया शक्ति प्रदर्शन,की बेहतरीन शायरी

गोंडा।महिला पहलवानों के यौन शौषण के आरोप से घिरे कैसरगंज से भारतीय जनता पार्टी के सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने केंद्र में मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के बालपुर में बड़ी रैली कर अपनी ताकत दिखाई।इससे पहले उन्होंने रोड शो भी किया।रैली में अपने संबोधन की शुरुआत बृजभूषण ने शेरों- शायरी से की। बृजभूषण ने कहा कभी यश कभी गम, कभी जहर पिया जाता है,तब जाकर जमाने में जिया जाता है,इसको रुसवाई कहें या शोहरत अपनी, दबे होठों से नाम लिया जाता है।बृजभूषण ने मीडिया पर भी कटाक्ष किया और कहा कि मीडिया वाले मुझे बड़ी तिरछी नजरों से देख रहे हैं।

भाजपा सांसद बृजभूषण ने रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब देश 1947 में आजाद हुआ उस समय देश के प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू थे।आजादी के तुरंत बाद पाकिस्तान ने कबाइली हमले किए और हमारी 78 हजार वर्ग किलोमीटर जमीन आज भी पाकिस्तान के कब्जे में है।कश्मीर पर लोग कहते थे जहां हुए पैदा मुखर्जी वह कश्मीर हमारा है,लेकिन आज अमित शाह व पीएम नरेंद्र मोदी की देन है कि हर भारतीय गर्व से कह सकता है कि कश्मीर हमारा है।

भाजपा सांसद ने कहा कि मोदी ने बैंकों में जनधन खाता खुलवाया। उसका फायदा सब लोग जानते हैं। 1975 में जब इमरजेंसी लगी उस समय भी सरकार कांग्रेस की थी। भाजपा ने नारा दिया था कि रामलला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे। मंदिर बन रहा है। जिसका सारा श्रेय मोदी को जाता है।

भाजपा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री से पहले जनता को श्रेय दिया जाता है,जिसने भाजपा सरकार बनाई है। कांग्रेस की सरकार में चीन ने 33 हजार वर्ग किलो मीटर जमीन कब्जा किया है। 1971 में हिंदुस्तान के इतिहास में एक घटना हुई जब पाकिस्तान ने हमारे देश के 92 हजार सैनिकों को बंदी बनाया था। उन्होंने कहा कि अगर उस समय मोदी वाला भारत होता तो ऐसा कभी नहीं होता। आज भारत के लोग पूछते हैं कि मोदी ने क्या किया। हम कांग्रेस के लोगों से पूछते हैं जब मंदिर का केस चल रहा था तब कांग्रेस वकीलों की फौज खड़ी कर देती थी।जब उरी में पुलवामा में सैनिकों की हत्या होती है तो हमारे देश के सैनिक सर्जिकल स्ट्राइक करते हैं। वहीं कांग्रेसी सबूत मांगते हैं। जब हमारे देश के वैज्ञानिक कोरोना की दवा बनाते हैं तब भी कांग्रेसी सबूत मांगते हैं।

मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार के नौ साल पूरे हो चुके हैं। इस बीच में कई ऐसे कार्य हुए हैं जो आजादी के बाद देश में नहीं हुए थे और उनकी जरूरत थी। उन्होंने कोरोना काल में सरकार के बेहतर इंतजामों से लोगों को रूबरू कराया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूरदर्शी हैं तभी तो भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है। लोगों को सीधे बैंक के माध्यम से लाभ पहुंचाया गया है। अब दलाली बंद हो चुकी है।

रैली में पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी,कटरा बाजार के विधायक बावन सिंह, करनैलगंज के अजय सिंह, तरबगंज विधायक प्रेम नरायन पांडेय, धर्मपाल सिंह, जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप,एमएलसी अवधेश कुमार सिंह,ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि वैभव सिंह मोनू,जिला प्रभारी अवनीश सिंह,अर्जुन तिवारी, रामपाल शुक्ल, सुबोध मिश्र, संजीव सिंह, जुनैद खान, राजू ओझा, पप्पू तिवारी, उमेश शुक्ल, देवप्रयाग अवस्थी और अखिलेश गुप्ता,कई ब्लॉक प्रमुख,जिला पंचायत सदस्य सहित तमाम जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

बता दें कि भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शक्ति प्रदर्शन में कोई कसर नहीं छोड़ी।जिले के कोने-कोने से कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बुलाया गया था।गोंडा जिले के अलावा बहराइच और बलरामपुर जिले से भी समर्थक रैली में पहुंचे।रैली को लेकर सुबह दस बजे से ही कार्यकर्ता जगह-जगह एकत्र हो गए।रैली में शामिल होने जा रहे बृजभूषण शरण सिंह का नवाबगंज से बालपुर तक जगह-जगह लोगों ने माला पहनाकर स्वागत किया। समर्थकों को देखकर बृजभूषण शरण सिंह सहित मंच पर आसीन अतिथि में भी गदगद हो उठे।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks