
बिजली चोरी पकड़ने पर कर्मचारी पीटे
एटा, । बिजली चोरी पकड़ने के बाद करीब आधा दर्जन लोग बिजली घर पहुंच गए। यहां पर कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। विरोध किया तो सरकारी दस्तावेजों को फाड़ दिया। धमकी दी कि अगर फिर से मोहल्ला की ओर दिखे तो खैर नहीं होगी। इस मामले में जेई ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
कोतवाली देहात बिजली घर के जेई मनीष कुमार ने बताया कि विजिलेंस टीम ने गांव भगीपुर में चेकिंग की। चेकिंग में कुछ लोगों के यहां पर बिजली चोरी पकड़ी। इस पर कार्रवाई की गई। आरोप है कि मंगलवार की शाम को राजीव पुत्र बनवारी निवासी भगीपुर अपने पांच छह साथियों के साथ बिजली घर पर पहुंच गया। यहां पर लाइनमैन के साथ अभद्रता कर दी। कर्मचारियों के साथ अभद्रता होते देख कुछ लोगों ने विरोध किया तो उन्हें भी धमकी दे दी। आरोप है कि बिजली घर पर रखे सरकारी दस्तावेजों को फाड़ दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जब तक पुलिस पहुंचती तब तक यह लोग जा चुके थे। बिजली कर्मचारियों को धमकी दी गई कि अगर भगीपुर की ओर आए तो छोड़गे। जेई ने कोतवाली नगर में राजीव सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।