
एटा-कासगंज रेल लाइन विस्तार के साथ एटा-बरहन ट्रैक दोहरीकरण
एटा, । बुधवार को क्षेत्रीय रेल परामर्शदात्री काउंसिल के सदस्यों ने एटा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इसके साथ ही एटा-कासगंज रेल लाइन विस्तार के साथ एटा-बरहन ट्रैक दोहरीकरण किए जाने की भी जानकारी दी। यात्री एवं माल ट्रांसपोर्ट सुविधा बेहतर कराने के लिए ट्रेनों का संचालन बढ़ाने के बारे में भी बताया।
रेल मंत्रालय से आए क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री काउंसिल सदस्य संजीव कुमार मिश्रा एवं देवेंद्रपाल सिंह सोलंकी ने स्टेशन अधीक्षक विजय वर्मा और सीनियर सेक्शन इंजीनियर धर्मेंद्र सिंह के साथ एटा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। रेल लाइन का निर्माण कराने के लिए रेल मंत्रालय को प्रस्ताव दिया जा चुका है।
दिए गए प्रस्ताव पर उत्तर मध्य रेल मंडल महाप्रबंधक सतीश कुमार ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही एटा से कासगंज के बीच रेलवे लाइन निर्माण का कार्य प्रारंभ होगा। इस कार्य से पहले एटा-कासगंज के बीच पुन सर्वें कार्य कराया जाएगा। रेल परामर्शदात्री काउंसिल के सदस्यों ने यह भी बताया कि एटा से बरहन तक ट्रैक का दोहरीकरण कार्य भी जल्द ही प्रारंभ होगा। एटा-आगरा और एटा-टूंडला के बीच ट्रेन संचालन भी बढ़ाया जाएगा।
रेलवे लाइन बनने के बाद बढ़ेंगे उद्योग, व्यापार
?️?️
क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री काउंसिल सदस्यों ने बताया कि एटा-कासगंज रेल लाइन निर्माण का मुख्य उद्देश्य उद्योग, व्यापार और रोजगार को बढ़ावा देना है। साथ ही इस रेलवे लाइन के बन जाने से पूर्वोत्तर राज्यों की जनता को आसानी से दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जैसे महानगरों से जोड़ा जा सकता है। एटा-कासगंज रेलवे लाइन बनने से बरेली, बदायूं, पीलीभीत, गोलाकुंआ, मैलानी, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर आदि स्थानों पर आने जाने वाली पैसेंजर और मालगाडियों को दूसरा विकल्प मिलेगा।
एटा और आगरा सांसद कर रहे विस्तार के प्रयास
रेल परामर्शदात्री काउंसिल सदस्यों ने बताया कि एटा-कासगंज रेल लाइन का जल्द ही विस्तार कराने के लिए क्षेत्रीय सांसद राजवीर सिंह के साथ आगरा सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह वघेल भी हर संभव प्रयास करने में जुटे हुए हैं। उनके प्रयासों से जल्द ही सकारात्म परिणाम देखने को मिलेगे।