मां को देखते ही बेटे की मौत फिर मां ने भी तोड़ा दम, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा,सराय अगहत ।बहन के घर आए भाई की अचानक तबीयत बिगड़ गई। ये सुन मां उसे देखने पहुंच गई, लेकिन मां को देखते ही बेटे ने दम तोड़ दिया। ये मां सहन नहीं कर सकी और उसने भी वहीं प्राण त्याग दिए। कुछ ही सेकंडों में मां-बेटे की मौत से पूरा परिवार आहत हो गया है।
कस्बा सराय अगहत निवासी विनोद कुमार गुप्ता के घर पर उनका साला सोनू (35) पुत्र धनीराम निवासी राजीव नगर थाना मोहम्मदाबाद, फर्रुखाबाद कुछ दिन पहले ही रहने आया था। वह बीमार भी चल रहा था। शुक्रवार दोपहर को उसकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ने लगी। बीमार सोनू ने बहन से मां को बुलाने के लिए कहा। बहन ने मां को फोन कर बुला लिया। दोपहर करीब 12 बजे मां कलावती देवी (65) बेटी की ससुराल पहुंच गई। कमरे में घुसने के कुछ देर बाद ही बेटे ने दम तोड़ दिया। ये देख मां वहीं निढाल होकर गिर पड़ीं। मां को दिखाने परिवारीजन क्लीनिक ले गए, लेकिन उनकी सांस नहीं चल रही थी। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मां-बेटे की मौत के बाद परिवारीजनों को रो-रोकर बुरा हाल था।