
दो दिन से लापता बच्चे की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंका, रिपोर्ट योगेश मुदगल
हाथरस, संवाददाता। दो दिन से लापता आठ वर्षीय बच्चे का शव सोमवार की दोपहर गांव रानी के नगला में ही रेलवे लाइन के निकट झाड़ियों में पड़ा मिला। मासूम के गले पर चोट के निशान हैं, मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जाकर जांच की है।
कोतवाली हाथरस गेट के रानी का नगला निवासी जितेंद्र का आठ वर्षीय पुत्र शनिवार की शाम से लापता था। बच्चा घर के निकट खेलते समय लापता हो गया था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस अपहरण का मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश में जुट गई थी। आसपास के जिलों में भी बच्चे की तलाश पुलिस करा रही थी। सोमवार दोपहर को गांव के निकट ही रेलवे लाइन के पास एक बच्चे का शव मिला। शव की शिनाख्त लापता अंकित के रूप में हुई। सूचना पर कई थानों का पुलिस बल के अलावा एएसपी अशोक कुमार सिंह, सीओ सिटी सुरेंद्र सिंह के अलावा डॉग स्क्वायड की टीम और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
घंटों खोजी कुत्ते ने की छानबीन बच्चे का शव मिलने के बाद डॉग स्क्वायड की टीम खोजी कुत्ते को लेकर गांव में पहुंच गई। एक गली में जाकर कुत्ता रुक गया। खोजी कुत्ते की छानबीन के दौरान लोगों में खलबली मची रही। खोजी कुत्ते के अलावा पुलिस के अधिकारियों ने रेलवे लाइन के अलावा घटनास्थल पर काफी देर तक पड़ताल की और वापस लौट आई।
हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंका मृतक के पिता जितेंद्र की मानें तो शनिवार की शाम घर के निकट कार्यक्रम था। जहां बच्चे गानों पर डांस कर रहे थे। इस दौरान पुत्र लापता हो गया, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिस जगह पर शव मिला।
वहां भी जाकर दोनों दिन पुलिस कर्मियों ने खोजबीन की। पिता का कहना है कि किसी ने हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंका है। सोमवार दोपहर को जब खोजी कुत्ते को लेकर पुलिस आई, तब परिवार के सदस्यों के साथ झाड़ियों में जाकर तलाश की। इस दौरान जितेन्द्र के भाई संदीप को शव दिखाई दिया। बच्चे के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था, वहीं गले पर साड़ी का फंदा था। शव को किसी गंदे कपड़े से ढंका हुआ था।
पढ़ने में काफी होशियार था मासूम
जितेन्द्र शहर के सरक्यूलर रोड पर एक वर्तन की दुकान पर पल्लेदारी का कार्य करता है। परिवार में पत्नी रानी के अलावा बड़ी पुत्री 11 वर्षीय ईशिका, 10 वर्षीय पुत्र निखिल और 8 वर्षीय अंकित का भरण पोषण जितेन्द्र कर रहा था। मृतक बच्चे की मां ने रोते बिलखते हुए बताया कि पुत्र पढ़ाई में काफी होशियार था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। अहपरण की धाराओं में मुकदमा पूर्व में ही दर्ज कराया जा चुका है। मामले की छानबीन चल रही है, जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-सुरेन्द्र सिंह, सीओ सिटी।