
बंदरों का आतंक बढ़ा,तीमारदारों में मची चीख पुकार
आगरा, कार्यालय संवाददाता। जिला महिला चिकित्सालय में बुधवार को प्रसूता वार्ड के अंदर बंदर घुसने से भगदड़ मच गई। प्रसूता और तीमारदारों में चीख पुकार मच गई।
बंदरों का आतंक अब वार्डों के अंदर तक पहुंच गया है। बुधवार को बंदर वार्ड से मरीजों और तीमारदारों का सामान लेकर भागे। दो तीमारदारों पर हमला भी किया। बुधवार को जिला महिला चिकित्सालय के सौ शैया वार्ड में तीन बंदर घुस गये। नीचे ओपीडी से लेकर दूसरी मंजिल के प्रसूता वार्ड तक पहुंच गये। उन्हें भगाने का प्रसास किया तो तीमारदारों को काटने के लिए दौड़े। जिसके चलते तीमारदार जख्मी भी हुए। मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि बंदर यहां आते रहते हैं। दोपहर में बंदरों का आतंक बढ़ जाता है। सुरक्षा गार्ड मरीजों के तीमारदों को तो भगा देते हैं, लेकिन चिल्लाने पर भी बंदरों को नहीं भगाते हैं। कई नवजातों के पलंग के पास तक पहुंच गये। तीमारदारों ने जैसे-तैसे बंदरों को भगाया। बंदर अस्पताल परिसर में खड़ी एंबुलेंस समेत तमाम गाड़ियों को भी काफी नुकसान पहुंचा रहे हैं। अस्पताल में लगी लाइटों को भी तोड़ देते हैं। इलाज कराने पहुंच रहीं महिलाओं को बंदरों का आतंक झेलना पड़ रहा है। बंदरों के झुंड अस्पताल आने वाले लोगों पर हमला बोलकर उनके हाथों से चीजें तक छीन ले जाते हैं। अस्पताल के स्टाफ समेत डॉक्टरों का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा को लेकर नगर निगम के अफसर कतई गंभीर नहीं हैं। शिकायतों के बावजूद कोई समाधान नहीं निकाला जा रहा है।
वार्ड के अंदर बंदर घुसने की जानकारी नहीं है। सौ शैया गेट पर ही सुरक्षा गार्ड तैनात हैं। हो सकता है दीवार फांदकर पहुंच गये हों। बंदरों को पकड़ने के लिए नगर निगम को फिर से अवगत कराया जाएगा।
-डॉ. नीलम, प्रमुख अधीक्षिका