दरोगा को पीटने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी बुधवार को भी नहीं हो पायी, रिपोर्ट योगेश मुदगल

मैनपुरी । थाना क्षेत्र के पाढ़म चौराहे पर दरोगा को पीटने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी बुधवार को भी नहीं हो पायी। सोमवार की रात वाहन की चेकिंग के दौरान दरोगा रामकुमार पर हमला बोला गया था। इस मामले में दरोगा की तहरीर पर ग्राम प्रधान सहित चार आरोपियों के खिलाफ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
सोमवार की रात औंछा थाना क्षेत्र की नगला कंचन पुलिस चौकी के प्रभारी एसआई रामकुमार वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान वहां आए उसनीधा के प्रधान शिवम चौहान पुत्र तिलक सिंह, सुखवीर चौहान पुत्र इंद्रभान, श्यामवीर चौहान पुत्र ज्ञान सिंह निवासीगण उसनीधा, प्रदीप तोमर निवासी नगला मनी औंछा दरोगा के साथ गाली गलौज कर मारपीट की। आरोपी वाहन रोकने और फोन न उठाने का आरोप दरोगा पर लगा रहे थे। हैरानी की बात ये है कि दरोगा के साथ सिपाही इंद्रजीत और यशपाल तोमर भी साथ थे। लेकिन दोनों ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास नहीं किया।
सिपाही चाहते तो पकड़े जाते हमलावर
दरोगा पर हमला होता रहा और ये सिपाही बीचबचाव करने लगे। ये सिपाही चाहते तो हमलावरों की गिरफ्तारी मौके पर भी हो सकती। इस मामल में सिपाहियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि हमलावरों की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगी हुई हैं। सिपाहियों की भूमिका की जांच कराई जा रही है। आरोपियों को छोड़ा नहीं जाएगा।