*स्टैटिक सर्विलांस टीम ने चलाया वाहन चैकिंग अभियान, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा,निकाय चुनाव की तिथि जैसे- जैसे नजदीक आती जा रही है, वैसे- वैसे प्रशासन भी सख्त होता जा रहा है। आचार संहिता के अनुपालन में कस्बा के विभिन्न मार्गों पर स्टैटिक सर्विलांस टीमों ने वाहनों की गहनता से जांच करने के साथ तलाशी ली। इस दौरान वाहनों में अवैध प्रपत्र, सामग्री और अवैध कैश व चुनाव को प्रभावित करने वाली अन्य सामग्री को खंगाला गया। साथ ही टीम ने जांचे गये वाहनों के रिकार्ड भी दर्ज किए।
बुधवार को कस्बा के मिरहची रोड, पिदौरा रोड, हैदरी चौक आदि मार्गों पर स्टैटिक सर्विलांस टीमों ने वाहनों की जांच पड़ताल की। स्टैटिक मजिस्ट्रेट दीपक गुप्ता ने बताया, कि निकाय चुनाव को निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मारहरा क्षेत्र के लिए प्रशासन द्वारा तीन स्टैटिक सर्विलांस टीमें लगायी गईं हैं, जो स्थानीय पुलिसबल के साथ विभिन्न मार्गों पर वाहनों की जांच कर रहीं हैं। चुनाव के दौरान रुपयों के गलत इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए चार पहिया वाहनों की जांच की जा रही है। वहीं वाहनों की तलाशी के दौरान चुनाव से संबंधित अन्य सामग्री आदि भी खंगाली जा रही है। वाहनों की जांच के दौरान थाना उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, वीरपालसिंह, अफसर खां आदि मौजूद रहे।