उचित दर की दुकानों पर बोरों में खराब चावल निकल रहा, रिपोर्ट योगेश मुदगल

कासगंज,सोरों, । उचित दर की दुकानों पर पहुंचा चावल उचित दर विक्रेताओं व कार्ड धारकों के लिए मुसीबत बन गया है।
चावल के बोरों में निकलने वाला चावल जमकर डेलों के रूप में हो गया है। राशन डीलर जब इस चावल को राशन कार्ड धारकों को देते हैं तो वह लेने से मना कर दे रहे हैं। आपूर्ति विभाग के अधिकारी इस मामले में पूर्ति निरीक्षक से जांच कराने की बात कह रहे हैं।
मंगलवार को सोरों की ग्राम पंचायत कादरबाड़ी, दतलाना पुख्ता और पाठकपुर में उचित दर विक्रेताओं ने कार्ड धारकों के जमा हुआ चावल दिया तो उन्होंने लेने से इंकार किया। कादरबाड़ी के रहने वाले कार्ड धारक मुन्नालाल ने बताया कि उचित दर विक्रेता के यहां जिन बोरों में चावल आया है। उसमें खराब चावल निकल रहा है। चावल जमकर बड़े-बड़े डेलों में तब्दील हो गया है। कादरबाड़ी गांव में उचित दर की दुकानों पर बोरों में खराब चावल निकल रहा है। यही हालत पाठकपुर गांव का भी है।
यह बोले राशन डीलर व कार्ड धारक
पाठकपुर के उचित दर विक्रेता के यहां भी बोरों में खराब चावल निकल रहा है। जिससे उचित दर विक्रेता व राशनकार्ड धारकों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। राशन कार्ड धारक इस चावल को लेने से मना कर रहे हैं।
पाठकपुर के रहने वाली रामबेटी व नन्हीं देवी जब उचित दर विक्रेता के यहां खाद्यान लेने पहुंची तो उन्हें भी उचित दर विक्रेता के द्वारा खराब चावल दिया गया।
दतलाना पुख्ता के रहने वाले मुन्नाला ने बताया कि उनके यहां भी उचित दर विक्रेता के यहां खराब चावल निकल रहा है। उचित दर विक्रेताओं ने बताया कि चावल भीगने की वजह से बड़े-बड़े डेलों में जम गया है। राशन कार्ड धारक इस चावल को लेने से मना कर रहे हैं।