
लगभग दस दिन की भीषण उमस भरी गर्मी के बाद शनिवार को मुरादाबाद के लोगों को राहत मिली। सुबह झमाझम बारिश से जहां एक ओर पारा लुढ़का, वहीं दूसरी ओर नमी की मात्रा में भी गिरावट आई। इससे मौसम काफी सुहाना हो गया। बीते 7 जुलाई को 28 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इसके बाद से बारिश की एक भी बूंद नही पड़ी। जबकि कई बार मौसम विभाग से बारिश की संभावना भी जताई गई। शनिवार को सुबह कुल मिलाकर 15 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। अभी बारिश की संभावना बनी हुई है। जीआईसी में मौसम प्रभारी निसार अहमद अंसारी ने बताया कि बारिश के बाद तापमान 31 डिग्री सेल्सियस पर लुढ़क गया। तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज की गई। इससे मौसम खुशनुमा हो गया और गर्मी से काफी राहत मिली।