बूंदाबांदी संग तेज हवा ने फसल के साथ उड़ाई नींद, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा,कासगंज। जनपद में गुरुवार की दोपहर बाद से मौसम का मिजाज बदल गया। शाम तक आसमान में बादल छा गए और बूंदाबांदी भी हुई। इसके बाद हवाएं चलने लगी। रात तक तेज हवाएं चलती रहीं। अचानक मौसम में बदलाव देखकर किसान चिंतित दिखाई दिए। किसान खेतों में कटी व तैयार खडी गेहूं की फसल को लेकर परेशानहाल दिखे। मौसम विभाग ने शुक्रवार को बरसात की संभावना भी जताई है। मौसम में परिवर्तन से गर्मी से भी राहत मिली है।
जनपद में पिछले कई दिनों से चटक धूप खिलने वजह से गर्मी का अहसास हो रहा था। मौसम साफ होने की वजह से किसान अपनी खेतों में तैयार खडी गेहूं की फसलों की कटाई में जुट गया था। जबकि गुरुवार को मौसम में अचानक बदलाव दिखाई दिया। आसमान में घने काले बादल छा गए। जिससे सूरज की तपिश कम हो गई।
शाम के समय हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इसके बाद आसमान में बिजली के कड़कने और तेज हवाओं के चलने का सिलसिला शुरू हो गया, जो कि देर रात तक जारी रहा। उधर मौसम विभाग ने शुक्रवार को बरसात होने की संभावना व्यक्त की है। जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें झलक आई हैं। किसानों की मानें तो खेतों में तैयार खडीं गेहूं की फसलों की कटाई तेजी से चल रही है। यदि बरसात या ओलावृष्टि होती है तो गेहूं समेत अन्य तैयार खड़ी फसलों को काफी नुकसान हो सकता है।