आईटीआई बिजलीघर पर गांव हरीसिंहपुर (मुरकटी) के लोगों ने धरना प्रदर्शन किया, रिपोर्ट योगेश मुदगल

कासगंज रोड स्थित आईटीआई बिजलीघर पर गांव हरीसिंहपुर (मुरकटी) के दर्जनों लोगों ने धरना प्रदर्शन किया। जेई पर फर्जी मुकदमा दर्ज कराने के साथ घूसघोरी का आरोप लगाया। वहीं एक प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जेई पर कार्रवाई की मांग की।
धरना प्रदर्शन के दौरान गांव हरीसिंहपुर मुरकटी निवासी कौशलेंद्र कुमार, सुनीता देवी, प्रेमपाल सिंह, सूरमा देवी सहित अन्य लोगों ने संयुक्त रुप से बताया कि बीते दिन सोमवार को आईटीआई बिजलीघर जेई जवाहर सिंह ने गांव के बीस से अधिक लोगों पर बिजली चोरी के मामले में फर्जी एफआईआर दर्ज कराई है। जेई ने उन लोगों पर भी एफआईआर दर्ज कराई है जो लोग कनेक्शन धारक न होने के साथ वर्षों से गांव में भी नहीं रहते। गांव के लोगों ने आरोप लगाते हुए बताया कि जेई ने मनमानी की है, जो लोग वास्तव में चोरी कर रहे थे। उन्हें दूसरा कनेक्शन भी दे दिया है। लोगों ने फर्जी एफआईआर खत्म कराने के साथ मामले की जांच कराने की अपील की।
हरिसिंहपुर मुरकटी में सोमवार को एसडीओ और जेई ने टीम के साथ संयुक्त रुप से चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें 15 लोग बिजली चोरी करते हुए पकड़े गए थे। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। इनके अलावा तीन लोगों पर बकाया बिल जमा न करने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिन लोगों के नाम एफआईआर हुई है।
एपी सिंह,
एक्सईएन, विद्युत वितरण ग्रामीण खंड द्वितीय एटा।