*अलीगढ की जीएसटी टीम ने अलीगंज में छह स्थानों पर छापा मारा, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा,अलीगंज, । अलीगढ की जीएसटी टीम ने अलीगंज में छह स्थानों पर छापा मार कार्रवाई की। एक साथ पहुंची अधिकारियों की टीम से हड़कंप मच गया। अधिकांश स्थानों पर तंबाकू व्यापारी दस्तावेज नहीं दिखा सके। जीएसटी टीम की जांच में लाखों रुपये की कर चोरी होना प्रकाश में आया है। गोदाम बंद मिलने पर ताला तुड़वाकर जांच की गई है। जिन व्यापारियों की ओर से दस्तावेज नहीं दिखाए गए उनकी सभी तंबाकू को सील कर दिया गया है।
शुक्रवार की शाम को जीएसटी विभाग के एडीशनल कमिश्नर आरएन शुक्ला एवं यूपी सिंह एडीशनल कमिश्नर ग्रेड-2 के निर्देश पर डिप्टी कमिश्नर एसआईबी आरके सिंह, डिप्टी कमिश्नर पंकज सिंह ने 45 सदस्यीय टीम के साथ अलीगंज में छह स्थानों पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान रवि वर्मा की फर्म पर बडी मात्रा में जीएसटी टीम पहुंची। डिप्टी कमिश्नर आरके सिंह ने बताया कि रवि वर्मा की गोदामों पर अपना नेटवर्क स्थापित कर बड़ी मात्रा में तंबाकू का व्यापार किया जाना पाया गया है।
उन्होंने कहा कि तंबाकू व्यापारियों की ओर से कर चोरी की शिकायतें मिलने पर यह कार्रवाई की गई है। टीम ने कायमगंज रोड पर गोदामों, कंपिल रोड स्थित गोदाम, मैनपुरी रोड पर कार्रवाई की। टीम को जांच में उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा, जब गोदाम मालिक नहीं मिले। देर शाम तक उनका इंतजार करने के बाद आखिर मालिकों के परिजनों से ताले तुड़वाए गए हैं। आरके सिंह ने बताया कि जांच देर रात तक चलेगी। उसके बाद ही जुर्माना लगाया जाएगा। तब तक तंबाकू को सील कर दिया गया है। जीएसटी टीम में नंदनी गोयल, ईशा गौतम, उमेश सिंह, अदित मिश्रा, राजीव कुमार आदि अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।