सकीट-जलेसर बिजलीघर रहे बंद, पानी को तरसे लोग, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा, । बिजली कर्मियों की हड़ताल के चलते शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था पूर्णत चौपट रही। मुख्यालय सहित देहात क्षेत्रों में फाल्ट होने के कारण बिजली बाधित बनी रही। वहीं जलेसर व सकीट के दो बिजलीघर ब्रेकडाउन बने रहने से कस्बा सहित संबंधित ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। शुक्रवार को दोपहर 12 बजे सकीट बिजलीघर की 33 केवी मुख्य लाइन मे फाल्ट हो जाने से बिजलीघर ब्रेकडाउन हो गया। हड़ताल के चलते देर रात तक बिजलीघर ब्रेकडाउन ही बना रहा। कस्बा क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांव की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित बनी रही।
जलेसर में पेयजल को तरसे लोग, कई घंटों तक बंद रही बिजली आपूर्ति जलेसर। शुक्रवार को जलेसर क्षेत्र के आईटीआई बिजलीघर की 33 केबी लाइन में फाल्ट हो जाने से बिजलीघर ब्रेकडाउन हो गया, जिससे कस्बा सहित एक दर्जन से अधिक गांव की बिजली आपूर्ति पूर्णत ठंप हो गई। दिनभर बिजली न आने से अधिकांश घुंघरू घंटी फैक्ट्रियों में कार्य बाधित हो गया।
एसडीएम बोले शुक्रवार को एसडीएम राम नयन ने बताया कि विद्युत कर्मियों की हड़ताल और चेतावनी को देख पुलिस एवं प्रशासन सतर्क है। उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारियों के साथ विद्युत स्टेशनों पर नजर रखे हुए है। सुबह जैसे ही विद्युत व्यवस्था ठप हुई पुलिस एवं प्रशासन भी हरकत में आ गया। उन्होंने बताया कि सभी विद्युत स्टेशनों पर लेखपालों को तैनात किया गया है। वही संविदा कर्मियों को लगाया गया है ताकि विद्युत व्यवस्था सुचारू रह सके।
एसडीएम और सीओ ने देखी बिजलीघर पर व्यवस्थाएं
राजा का रामपुर। अलीगंज एसडीएम मानवेंद्र सिंह एवं सीओ विक्रांत द्विवेदी ने विद्युत उप केंद्र पर पहुंचकर हड़ताल पर गए कर्मचारियों के बारे में जानकारी की। बिजलीघर पर आपरेटर विनोद कुमार के अलावा कोई कर्मचारी बिजली घर पर मौजूद नहीं था। विद्युत उपकेंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है ताकि जिनकी ड्यूटी लगी है, वे ठीक से काम कर सकें। रामपुर विद्युत केंद्र पर जल निगम के कर्मी प्रवीण कुमार को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। वह भी बिजलीघर पर तैनात नही रहे।
सकीट और जलेसर के बिजलीघरों को शुचारू कराने के भरपूर प्रयास किए जा रहे हैं। पटियाली गेट के दोनों टूटे पोलों को ठीक कराने के साथ ठंडी सड़क के फुंके ट्रांसफार्मर को भी बदलवाया जा रहा है। जिले में जहां भी बिजली बाधित बनी हुई है। उसकी जानकारी कर ठीक कराने के प्रयास किए जा रहे है।
राजकुमार, एससी बिजली