हाथरस निवासी युवक की मैनपुरी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा/मैनपुरी, । हाथरस निवासी युवक की मैनपुरी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वो एटा में अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने आया था। घरवालों ने प्रेमिका पर ही जहरीला पदार्थ खिलाकर मारने का आरोप लगाया है। सूचना पर मैनपुरी पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों के हवाले कर दिया।
जनपद हाथरस के सिकंदरा थाना क्षेत्र के ग्राम डिंडेश्वरी निवासी गणेश कुमार ने पोस्टमार्टम हाउस पर जानकारी दी कि गुरुवार को उसका चचेरा भाई 22 वर्षीय अंकित पुत्र बृजभान सिंह बीए तृतीय वर्ष में एडमीशन कराने की बात कहकर घर से अलीगढ़ जाने के लिए निकला था। शाम को उसने फोन करके जानकारी दी कि वह घर लौट रहा है। लेकिन देर रात मैनपुरी से फोन आया कि उसकी हालत खराब है।
जानकारी मिलते ही परिजन मैनपुरी आए। आरोप है कि परिजनों को अंकित ने जानकारी दी वह अपनी प्रेमिका से मिलने एटा गया था। जहां उसने कुछ जहरीले पदार्थ का सेवन उसे करा दिया है। जिससे उसकी हालत खराब हुई है। एटा से अंकित अपने दोस्त के पास मैनपुरी आ गया
एटा से मैनपुरी आते ही बिगड़ गई युवक की हालत
परिजनों ने बताया कि तबीयत बिगड़ने पर रात में ही उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार की सुबह उसे मृत घोषित कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी अजीत सिंह का कहना है कि घटना के संबंध में उन्हें कोई तहरीर नहीं दी गई है। परिजनों की सूचना पर मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। उसकी मौत कैसे हुई, इस संबंध में पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद खुलासा होगा।