
आडवाणी की फर्जी आवाज सुना पूर्व विधायक को ठगा
एटा,पूर्व भाजपा विधायक से वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की आवाज में बातकर ठग ने पांच लाख रुपये ठग लिए। जानकारी होने के बाद रुपये लौटाने का वादा किया। रुपये न मिलने पर पीड़ित ने थाना अवागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई है। यह घटना वर्ष 2012 की है। थाना अवागढ़ के गांव मंडपुरा निवासी पूर्व विधायक कुबेर सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 14 दिसंबर 2012 को जयप्रताप यादव और उनके पिता रमेश चंद्र यादव निवासी रेजुआ जलेसर आए। इससे पहले जयप्रताप ने फोन कर भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की आवाज में बात की थी। इसमें शैक्षिक सहयोग में पांच लाख रुपये देने की बात कहीं थी। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि पत्नी मिथलेश अंगरिया से 14 दिसंबर 2012 को नगला उदी निवासी दर्शनपाल सिंह के देखरेख में पांच लाख रुपये दे दिए थे। कुछ समय बाद लालकृष्ण आडवाणी से मिलना हुआ तो उन्होंने किसी भी कॉल से इनकार कर दिया था। जयप्रताप ने घटना को कबूला और उसने पढ़ाई पूरी करने के लिए रुपये लेने की बात कही। पूरा रुपया लौटाने को कहा। कुछ रुपये मेरी पत्नी और बेटे के खाते में जमा कर दिए। एक लाख की फर्जी रसीद तथा पत्नी को चेक दिए थे। वह सभी अस्वीकृत हो गए। पीड़ित ने सीओ को कार्रवाई के लिए प्रार्थनापत्र दिया। तहरीर पर अवागढ़ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।