
पारा थाना क्षेत्र में 24 घंटे में फिर गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट, दो युवक घायल
लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र की मोहन रोड चौकी क्षेत्र में चौबीस घंटे के अंदर फिर गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट और जमकर चले लाठी डंडे। सलेमपुर पतौरा में देर रात कई राउंड हुई फायरिंग में प्रभात व जितेंद्र नामक दो युवक हुए घायल, दोनों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
सलेमपुर में बुधवार रात अचानक गांव के ही कुछ लड़के किसी बात पर भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों से एकत्र लोगों में मारपीट के बाद लाठी-डंडे चलने लगे। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। इसी दौरान फायरिंग शुरू हो गई, ग्रामीण अपने घरों की तरफ भागने लगे। इसी बीच गांव के ही प्रभात और जितेंद्र घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर लहूलुहान हालत में पड़े मिले। उनकी चीखपुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पारा पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया।
पारा इंस्पेक्टर के मुताबिक गांव में दो गुटों में मारपीट के बीच फायरिंग पुरानी रंजिश या नशेबाजी के विवाद को लेकर हुई, मामले की जांच की जा रही है। बताते चलें कि लखनऊ कमिश्नरेट अंतर्गत पश्चिम जोन के पारा थाना क्षेत्र की मोहन रोड चौकी क्षेत्र में एक दिन पहले ही डीसीएम चालक को गोली मारकर घायल कर बदमाश फरार हो गए।