
*बालकराम हत्याकांड में जांच करने आई सीबीसीआईडी*
एटा,पुलिस हिरासत में मैनपुरी के बालकराम की हुई मौत के मामले में जांच करने के लिए सीबीसीआईडी की टीम अलीगंज आई। जांच अधिकारियों ने थाने में घटना के संबंध में रिकार्ड देखा। वहीं इस घटना के शिकायतकर्ताओं के बयान भी दर्ज किए। करीब पांच घंटे तक अधिकारी एक-एक बिंदु की जांच करते रहे।
शुक्रवार की पूर्वाह्न आगरा सीबीसीआईडी के एसपी राजेंद्र प्रसाद यादव, जितेंद्र सिंह, स्वतंत्र कुमार, मनोज कुमार सहित कई अधिकारी थाना अलीगंज में पहुंचे। थाने में पहुंची टीम ने मृतक बालकराम से जुडे मामलों की जानकारी की। उस समय के कुछ दस्तावेज मांगे। जानकारों की मानें तो कुछ दस्तावेज वहां मिले ही नहीं। जो रिकार्ड मिला उसको देखा। बालकराम की मौत के बाद जहां पर जाम लगाया गया था उस स्थान पर पहुंचकर घटनास्थल को देखा। शिकायतकर्ता जैथरा निवासी सुनील कुमार को बुलाया गया। सुनील सहित चार लोगों के बयान भी दर्ज किए गए।
मालूम हो कि वर्ष 22 जुलाई 2014 में बालकराम की थाने में मौत हो गई थी। परिजनों ने हंगामा किया था। पोस्टमार्टम के बाद मृतक की सीडी भी गायब हो गई थी। यह वीडियो पुलिस रिकॉर्ड से गायब हो गया। मानवाधिकार आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लिया था। मामले की जांच एएसपी स्तर के अधिकारी से कराने के आदेश दिए थे।