एटा का एटीएम हैकर गोंडा पुलिस ने दबोचा, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा। एसओजी व सर्विलांस की टीम तथा उमरी पुलिस की टीम ने मंगलवार की शाम दो शातिर एटीएम हैकरों को गिरफ्तार किया है।
एडिशनल एसपी शिवराज ने बुधवार को बताया कि आईडीबीआई बैंक के ब्रांच हेड उदित कुमार ने 21 फरवरी को नगर कोतवाली में एक प्रार्थना पत्र दिया था जिसमें 12 जनवरी को गोंडा शाखा में लगे एटीएम मशीन से धोखाधड़ी करके 15 हजार रुपए चोरी करने की बात कही गई थी। इसकी जानकारी उन्हें 31 जनवरी को फेल्ड ट्रांजैक्शन के निस्तारण करते समय लगी। इस संबंध में कोतवाली नगर में चोरी व धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तार साइबर अपराधी वाहिद पुत्र अजीज खान निवासी अलीगंज जनपद एटा और फैजान खान पुत्र अकील निवासी मेवाती नगला थाना ताजगंज जनपद आगरा के पास से नौ एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन, एटीएम खोलने में प्रयुक्त सामग्री, कार सहित 21 सौ रुपये नगद बरामद किए हैं।
इस तरह लगाते थे बैंकों को चपत वारदात में शामिल फैजान व वाहिद एक मिनट में एटीएम को हैक कर लेते थे। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने यह बात कबूली है। अब तक इन लोगों ने कई एटीएम से लाखों रुपए निकाले हैं। ये लोग कार से प्रदेश के शहरों संग पड़ोसी सूबों में घूमते रहते थे। बिना सुरक्षा गार्ड के चल रहे एटीएम से एक दिन में एक लाख से दो लाख तक की रकम साफ कर देते थे। आरोपियों ने खुद के बैंक खाते भी खोले थे। आरोपी वाहिद एटीएम हैकिंग में महारथी था। आरोपी एटीएम मशीन की बिजली की सप्लाई काट देते थे और अपने रिमोट-ऑपरेटेड एडॉप्टर के माध्यम से बिजली की सप्लाई कर एटीएम कार्ड डालते थे और पैसे निकालते थे। जब एटीएम से पैसा निकल जाता था तो वे रिमोट कंट्रोल से बिजली काटकर निकासी को रोक देते थे या ट्रांजैक्शन के वक्त एटीएम में क्लिप फंसा देते थे। जिससे पैसा तो निकल जाता था लेकिन तकनीकी तौर पर ट्रांजैक्शन रद्द हो जाता था। इस तरह मशीन को हैक कर लेते थे। इसके बाद बैंक के कस्टमर केयर में शिकायत दर्ज कराते थे और पैसे की वापसी के लिए क्लेम करते थे। आरोपियों की गिरफ्तारी में एसओ उमरी बेगमगंज संजीव कुमार वर्मा, राजू सिंह, अरविन्द, यशवन्त यादव, रणधीर सिंह, अमित कुमार, अरविन्द कुमार और हरिओम टण्डन की विशेष भूमिका रही।