निजी नलकूप के बिजली बिल में छूट से किसान खुश, रिपोर्ट योगेश मुदगल

कासगंज, । प्रदेश सरकार द्वारा पेश किए गए बजट में कृषि क्षेत्र के विकास पर अधिक फोकस है। किसानों के निजी नलकूपों के लिए बिजली बिलों में छूट, कृषि की नवीन तकनीकी की जानकारी के लिए किसान पाठशालाएं शुरू करने व सिंचाई पर अधिक ध्यान हैं। इससे किसानों को काफी फायदा मिलने की उम्मीद है। किसान पेंशन योजना के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है।
सोरों के किसान ज्वाली सिंह कहते हैं कि किसान पाठशालाओं से काफी फायदा होगा। कृषि की नई तकनीक की जानकारी मिलेगी। किसान निराश्रित पशुओं से काफी परेशान थे। सरकार ने बजट में निराश्रित पशुओं की रोकथाम के लिए धनराशि आवंटित की है। गोशालाओं के निर्माण के बाद निराश्रित गोवंश उसमें रखे जाएंगे और किसानों की फसलें बर्बाद होने से भी बचेंगी। सरकार ने बजट में खराब सरकारी नलकूपों को चालू करने की बात की है। यह नलकूप चालू होते हैं तो किसानों को इसका फायदा भी मिलेगा।
प्रदेश सरकार ने बजट में किसानों का काफी खयाल रखा है। बजट के प्रावधान लागू हुए तो किसानों को काफी मदद मिलेगी। निजी नलकूप के बिजली बिल में राहत से किसानों को फायदा मिलेगा। किसान पाठशालाएं खोलना अच्छा निर्णय है।
चंद्रपाल, किसान
प्रदेश सरकार ने बजट में कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए प्रावधान किए हैं। किसान पेंशन, सिंचाई व किसान पाठशालाओं से किसानों को मदद मिलेगी। गोशालाओं के निर्माण से किसानों की फसलें नष्ट होने से बचेंगी। किसान इस समय निराश्रित गोवंश से काफी परेशान हैं।
सूरजपाल, किसान