
कारवाही —–
एसआईटी करेगी जांच ,एसओ निलंबित
लखनऊ
मड़ौली कांड पर उठे सियासी उबाल के बीच बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना की जांच के लिए दो सदस्यीय एसआईटी गठित कर दी है। उधर, रूरा एसओ दिनेश गौतम को भी निलंबित कर दिया गया है। इससे पहले मंगलवार को एसडीएम को सस्पेंड करते हुए लेखपाल और जेसीबी चालक को गिरफ्तार किया जा चुका है।
मड़ौली गांव में जलता हुआ छप्पर जेसीबी से गिरा देने पर हुई प्रमिला दीक्षित व उनकी बेटी नेहा की मौत के मामले में बुधवार को लखनऊ में एक निजी चैनल से बातचीत के दौरान सीएम ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है।
कानपुर के मंडलायुक्त राजशेखर और कानपुर जोन के एडीजी आलोक सिंह की अध्यक्षता में एसआईटी मामले की जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देगी। तब दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, घटनास्थल पर होने के बावजूद लापरवाही के आरोप में एसपी वीबीजीटीएस मूर्ति ने रूरा एसओ दिनेश गौतम को निलंबित कर दिया है। मुकदमे के वादी शिवम दीक्षित ने एसओ रूरा पर पीटने के साथ ही आग में फेंकने की कोशिश का आरोप लगाया है।
● मुख्यमंत्री का कड़ा रुख, कहा-दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा
● कानपुर जोन के एडीजी की अघ्यक्षता में एक हफ्ते में रिपोर्ट सौंपेगी
संगीनों के साए में मां-बेटी का अंतिम संस्कार
कानपुर। कानपुर देहात के मड़ौली में कब्जा हटाने के दौरान जिंदा जलकर मरीं मां-बेटी का बुधवार को बिठूर में अंतिम संस्कार कर दिया गया। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों के शव श्मशान घाट पर लाए गए, जहां मां और बहन को शिवम ने मुखाग्नि दी। बुधवार सुबह शव यात्रा 11 बजे बिठूर पहुंची। कृष्ण गोपाल दीक्षित के बेटे शिवम ने अंतिम संस्कार किया। वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि घटना के जिम्मेदार लोगों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा।
पीड़ित परिवार को दिया गया 5-5 लाख का चेक
पीड़ित परिवार को शासन के निर्देश पर 10 लाख की सहायता दी गई है। कमिश्नर राजशेखर ने दोनों पुत्रों को 5-5 लाख का चेक देने के साथ ही उनकी हर संभव सहायता करने का भरोसा दिया।
लखनऊ में कांग्रेसियों की पुलिस से नोंकझोंक
लखनऊ। कानपुर देहात की घटना के विरोध में बुधवार को राजभवन पर मार्च कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। कांग्रेसी जब बैरिकेडिंग पर चढ़ने लगे तो उनकी पुलिस से तीखी नोंकझोंक भी हुई।