एटा जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने की बड़ी कार्यवाही………….
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अन्तर्गत अपात्र व्यक्तियों को आवास देने के प्रकरण में हुई कार्यवाही
डीएम के निर्देश पर खण्ड विकास अधिकारी सकीट ने ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव पर कराई एफआईआर

एटा, 13 फरवरी (सू0वि0)। जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने शासन द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अन्तर्गत लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही की है। विकासखण्ड सकीट क्षेत्र की ग्राम पंचायत इशारा पूर्वी में प्रधानमंत्री आवास अपात्र व्यक्तियों को रूपये लेकर दिए गए हैं, जिसकी शिकायत डीएम को प्राप्त हुई। उक्त शिकायत को डीएम ने गंभीरता से लेकर डीसी एनआरएलएम प्रतिमा निमेष को जांच करने के निर्देश दिए, डीसी एनआरएलएम द्वारा गांव में जांच की गई।
डीसी एनआरएलएम ने अपनी जांच आख्या में कुल दस व्यक्तियों को अपात्र पाया एवं अवगत कराया कि ग्राम पंचायत सचिव ने प्रधान के माध्यम से अपात्र व्यक्तियों से धन लेकर प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत आवास वितरित किए हैं। इस प्रकार अपात्रों को आवास दिए जाने में ग्राम पंचायत सचिव व प्रधान की संलिप्तता पाई गई। खण्ड विकास अधिकारी सकीट द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर विकासखण्ड सकीट क्षेत्र की ग्राम पंचायत इशारा पूर्वी के ग्राम पंचायत सचिव बलराम यादव, ग्राम प्रधान श्रीमती मनीषा देवी के विरूद्ध सुसंगत धाराओं 409, 420, 120बी के अन्तर्गत एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसके साथ ही पंचायत सचिव पर विभागीय कार्यवाही भी की जाएगी।
डीएम ने सख्त निर्देश दिए कि शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजना प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अन्तर्गत लापरवाही कतई स्वीकार नहीं की जाएगी। पात्र को अपात्र करने की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।