कान्हा की मूर्ति देख बदल गया चोरों का मन, रिपोर्ट योगेश मुदगल

मेरठ – इसे कान्हा की लीला कहें या भक्ति, सराफ की दुकान में सुरंग खोद कर चोरी के लिए घुसे चोरों का मन सामने श्रीकृष्ण की मूर्ति देखकर बदल गया। कटी हुई तिजोरी को यूं ही छोड़कर बिना चोरी किए चोर लौट गए। साथ ही तिजोरी पर और दुकान में एक माफीनामा भी लिख कर रख गए।
रिठानी मोहकमपुर निवासी दीपक लोधी की ज्वैलरी की दुकान है। बुधवार देर रात चोरों का गैंग नाले से करीब 15 फीट सुरंग बनाकर दुकान के अंदर आ धमका। चोरों ने दुकान में घुसते ही सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे के ऊपर टेप लपेट दी। इसके बाद जेवरात की तिजोरी को पीछे कटर-ग्लाइंडर और आरी की मदद से करीब 90 प्रतिशत काट लिया। इसी दौरान चोरों की नजर यहां रखी भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति पर पड़ी। इसके बाद चोरों का मन बदल गया और कटी हुई तिजोरी को यूं ही छोड़ दिया। पुलिस, फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
चोरों के माफीनामे का मजमून ‘सॉरी, दीपक भाई हम आपकी दुकान में चोरी नहीं कर सकते हैं, सामान छोड़ कर जा रहे हैं। चुन्नू ठाकुर मुन्नू ठाकुर सुरंग चोर गैंग। हमें अपना नाम कमाना है। हम आपकी दुकान से कोई सामान लेकर नहीं जा रहे हैं।’ दुकान मालिक सर्राफ कारोबारी दीपक लोधी ने कहा कि हमें तो ठाकुर जी ने बचा लिया। तिजोरी तो पूरी तरह से कट चुकी है। संभव है कि चोरों में कोई भगवान श्रीकृष्ण को मानता हो।
चोरों का गिरोह सुरंग बनाकर सर्राफ की दुकान में घुसा था। तिजोरी भी लगभग काट ली थी। इसके बाद चोर सॉरी लिखकर चले गए। सीसीटीवी और बाकी माध्यम से गिरोह की तलाश की जा रही है।
- पीयूष सिंह, एसपी सिटी