
फर्जी बैनामे से हो रहा निर्माण रुकवाने तहसील पहुंचे ग्रामीण
एटा,जलेसर। तहसील जलेसर क्षेत्र के गांव महानमई में फर्जी बैनामा से कराए जा रहे निर्माण कार्य को रुकवाने के लिए सैकड़ों ग्रामीण एसडीएम व सीओ के आवास पर पहुंचे।
लोगों ने एसडीएम व सीओ को बताया कि ग्राम महानमई में 35 वर्ष पूर्व अर्जुन सिंह ने जगमोहन सिंह से बैनामा कराया था। तभी से वह भूमि पर काबिज चल रहे हैं। अर्जुन सिंह परिवार के गुजर-बसर के लिए आगरा रह रहे हैं। उनकी भूमि पर फर्जी तरीके से बैनामा कराकर निर्माण कार्य किया जा रहा था। उसकी जानकारी पर अर्जुन सिंह ने प्रशासन से मदद मांगी। मदद नहीं मिलने पर मामला सिविल जज जूनियर डिविजन में डाल दिया। उसके बार भी निर्माण कार्य जारी रहा। गांव के लोग पिछले तीन दिनों से तहसील प्रशासन से निर्माण कार्य को रुकवाने की गुहार लगा रहे हैं। कोई कार्रवाई न होने पर रविवार को ग्रामीणों ने तहसील पर डेरा डाला। तमाम प्रयासों के बाद भी निर्माण कर नहीं रोका गया। उससे नाराज ग्रामीण अधिकारियों के आवास के सामने बैठे रहे। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल के साथ उच्च अधिकारियों से भी की है। तहसील में पहुंचने वालों में गीतम सिंह, रामजीलाल, अर्जुन सिंह, सोनकली, विद्या देवी, गीता देवी, कुसुम देवी, तालेब सिंह, दीनदयाल शामिल रहे।