
सड़क किनारे खड़े होने पर पुलिस और दुकानदारों की खानी पड़ती है डांट, नगर पालिका की ओर से निर्धारित सभी स्टैंड गायब
स्टैंड न होने से कहीं भी रोक दिए जाते हैं ई-रिक्शा
एटा – शहर में दौड़ रहे ई रिक्शाओं के ठहराव को कोई स्टैंड नहीं है, जिसकी वजह से चालक सड़क किनारे खड़े होकर सवारियों का इंतजार करने को विवश है। स्टैण्ड न होने से ई-रिक्शा चौराहा-तिराहा, रोडवेज बस स्टैण्ड पर सड़क किनारे खड़े होकर सवारियों का इंतजार करने को विवश है। पालिका की ओर से निर्धारित किए गए सभी स्टैंड गायब हो गए।
पूर्व में शहर में तहसील के सामने, रोडवेज बस स्टैण्ड, कचहरी रोड, नन्नूमल चौराहा पर ई रिक्शा स्टैंड था। जहां पर खड़े होकर पूर्व में रिक्शा चालक सवारियों का इंतजार करते थे। इन स्थानों पर सरकारी, गैर सरकारी निर्माण होने की बजह से अधिकांश स्टैंड खत्म हो गये है। उसके बाद इन स्थानों पर पुन स्टैंड आज तक नहीं बनाये जा सके हैं। इनको चौराहा-तिराहा, गली-मोहल्लो में नुक्कड़, रोडवेज बस स्टैंड, तहसील के सामने, अलीगंज तिराहा पर सड़क किनारे खड़े होकर सवारियों का इंतजार करते देखा जा सकता है। बार-बार मांग किये जाने के बाद भी शहर में पुन नगर पालिका परिषद ने स्टैंड नहीं बनाए गए।
ई रिक्शा-ऑटो एसोसिएशन ने रखे अपने सुझाव ई-रिक्शा, ऑटो एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिददीक अब्बासी, जिला सचिव खुर्शीद आलम, जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गहलौत ने जिला प्रशासन को सुझाव पत्र सौंपा है। इसमें बताया है कि सैनिक पड़ाव, कचहरी रोड, बस स्टैण्ड पर उनको खड़े होने का स्थान नहीं रहा है। यहां पर प्राइवेट बसें, दुकानदार, अधिवक्ता और सरकारी बसों का ठहराव हो गया है। इसलिए ई रिक्शा चलाने वाले शहर में मारे-मारे फिर रहे हैं। डीएम से एसोसिएशन पदाधिकारियों ने किसी भी जगह पर ई रिक्शा स्टैण्ड बनाया जाये। जहां पर शौचालय, पीने का पानी, सुरक्षा की व्यवस्था नगर पालिका परिषद की होनी चाहिए। ई रिक्शा संचालन के लिए मार्ग की दोनों साइड पर सफेद पटटी पर चलने की व्यवस्था की जाये।
नगर पालिका परिषद में 888 ई रिक्शा पंजीकृत है, जिनके लिए कचहरी पर प्रिंटिस गर्ल्स इंटर कालेज, सैनिक पड़ाव और सकीट रोड पर स्टैंड बनाए गए। नगर पालिका ने इन स्टैंड पर ई रिक्शा खड़े होने की बात बताई है। इन तीनों स्थानों पर मौके पर प्राइवेट बस चालक, दुकानदार काबिज है, जिसकी वजह से ई रिक्शा वालों के लिए खड़े होने को जगह नहीं है।
सुशील गिरि, वरिष्ठ लेखाकार एवं आरआई, नगर पालिका परिषद, एटा।
शहर में लगभग 1046 ई रिक्शा और 1429 टेंपो संचालित हो रहे हैं, जिनका विधि-विधान से संचालन कराने के लिए रूट प्लान तैयार किया गया है। जल्द ही पूरे शहर में रूट प्लान के तहत मार्ग आवंटित कर ई रिक्शा, टेंपो का संचालन कराया जाएगा, जिससे मुख्य मार्ग पर यातायात का संचालन सुचारू रूप से कराया जा सकेगा।
बचान सिंह, यातायात निरीक्षक, एटा।