कुश्ती संघ अध्यक्ष पर यौन शोषण का आरोप, रिपोर्ट योगेश मुदगल

नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों के यौन शोषण करने का आरोप लगा है। देश के नामी पहलवानों ने बुधवार को उनके खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया और उन्हें पद से हटाने के लिए प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की।
विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता विनेश फोगाट ने आरोप लगाया कि बृजभूषण कई वर्षों से महिला पहलवानों का यौन शोषण कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि लखनऊ में राष्ट्रीय शिविर में कई कोचों ने भी पहलवानों का शोषण किया। शिविर में कुछ महिलाएं हैं, जो कुश्ती संघ के अध्यक्ष के कहने पर पहलवानों से संपर्क करती हैं। वहीं, तोक्यो ओलंपिक के पदक विजेता बजरंग पूनिया ने कहा, हम कुश्ती संघ की तानाशाही के खिलाफ जुटे हैं। हमारी लड़ाई सरकार या भारतीय खेल प्राधिकरण के खिलाफ नहीं, कुश्ती संघ के खिलाफ हैं। कुश्ती संघ के अध्यक्ष को हटाए जाने तक हम किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेंगे। धरने में बजरंग और विनेश के अलावा साक्षी मलिक, सरिता मोर, संगीता फोगाट, सत्यव्रत मलिक समेत 30 पहलवान शामिल हुए।
जान से मारने की धमकी
विनेश फोगाट ने स्पष्ट किया कि उन्होंने खुद इस तरह के शोषण का सामना नहीं किया। हालांकि, कुश्ती संघ के अध्यक्ष के इशारे पर उनके करीबी अधिकारियों से जान से मारने की धमकी मिली थी। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने तोक्यो ओलंपिक खेलों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान उनका ध्यान इन मुद्दों पर आकर्षित करने का हिम्मत दिखाई थी।
यदि ऐसा कुछ भी हुआ है तो मैं आत्महत्या कर लूंगा। जब मुझे ही इस आरोप में घसीटा गया है तो मैं कैसे कोई कार्रवाई कर सकता हूं? मैं हर जांच के लिए तैयार हूं।
-बृजभूषण शरण सिंह, अध्यक्ष, कुश्ती संघ
मैं ऐसी 10-12 पहलवानों को जानती हूं, जिन्होंने यौन शोषण के बारे में बताया है। अगर हम प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मिले तो नामों का खुलासा जरूर करेंगे।
-विनेश फोगाट, कुश्ती खिलाड़ी