रिफिलिंग को आए 41 अवैध सिलेंडर बरामद, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा, । अवागढ़ में अवैध रिफलिंग होने की शिकायत पर नायब तहसीलदार वंशिका सिंह के नेतृत्व में बुधवार को दो स्थानों पर छापामार कार्रवाई की गई, जिसमें दोनों स्थानों से 41 अवैध घरेलू गैस सिलेंडर, दो रिफलिंग मशीन, कांटा बरामद किए गए। इन सभी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
जलेसर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में अवागढ़ के कॉडर रोड स्थित संजू गुप्ता के यहां छापामार कार्रवाई की गई। जहां से 14 घरेलू गैस सिलेंडर, बरामद हुए। जिसमें तीन खाली और 11 भरे हुए मिले। यहां से दो रिफिल मशीन, कांटा बरामद हुआ। किला रोड स्थित रामू की दुकान पर की गई छापामार कार्रवाई में 27 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। इसमें 15 भरे हुए और 12 खाली थे। बुधवार को कस्बा में हुई छापामार कार्रवाई से वाहनों में अवैध रूप से गैस रिफलिंग करने वालों में हडकंप मच गया। टीम के पहुंचने से कई लोग अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद कर भाग गये।
अवागढ़ में अवैध रूप से गैस रिफलिंग होने की शिकायतें जलेसर एसडीएम, डीएम को प्राप्त हो रही, जिसके आधार पर बुधवार को अवागढ़ में दो जगह छापेमारी की गई है। छापेमारी में 41 घरेलू गैस सिलैण्डर बरामद किए गए हैं।
-वंशिका सिंह, नायब तहसीलदार, जलेसर (एटा)
गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई से पहले डीएम अंकित कुमार अग्रवाल को अनुमोदन पत्र भेजा गया है।
-कमलेश गुप्ता, डीएसओ, एटा